सऊदी अरब का बड़ा कदम: ईरानी दूतावास के कर्मचारियों को 24 घंटे में देश छोड़ने का आदेश
सऊदी अरब ने ईरानी दूतावास के कर्मचारियों को देश छोड़ने का आदेश दिया बढ़ते तनाव के बीच ईरान पर कड़ा कूटनीतिक एक्शन लिया गया मध्य पूर्व में हालात और ज्यादा तनावपूर्ण होते जा रहे हैं

Saudi Arabia: रियाद से बड़ी खबर सामने आई है। इजरायल-अमेरिका और ईरान युद्ध के 23वें दिन सऊदी अरब ने ईरान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दूतावास के कई कर्मचारियों को देश छोड़ने का आदेश दिया है। यह फैसला क्षेत्र में बढ़ते तनाव और हमलों के बीच लिया गया है।
सऊदी विदेश मंत्रालय का सख्त बयान
सऊदी विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि ईरान के सैन्य अटैची, उनके सहायक और दूतावास के तीन अन्य कर्मचारियों को ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ घोषित किया गया है। इन्हें 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि ईरान की ओर से किए जा रहे हमले अंतरराष्ट्रीय कानून और संप्रभुता के सिद्धांतों का उल्लंघन हैं।
ईरान पर गंभीर आरोप
सऊदी अरब ने अपने बयान में कहा कि ईरान के हमले बीजिंग समझौते, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और अच्छे पड़ोसीपन की भावना के खिलाफ हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि ऐसे कदमों से दोनों देशों के रिश्तों पर गहरा असर पड़ सकता है।
क्षेत्रीय तनाव लगातार बढ़ रहा
इससे पहले कतर ने भी ईरानी दूतावास के कुछ कर्मचारियों को ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ घोषित किया था। हाल के दिनों में खाड़ी क्षेत्र में ड्रोन और मिसाइल हमलों के चलते तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान पर सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों में हमलों के आरोप लगते रहे हैं।
मध्य पूर्व में हालात गंभीर
लगातार हो रहे हमलों और जवाबी कार्रवाई के चलते मध्य पूर्व में हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं। सऊदी अरब ने साफ कहा है कि वह अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए किसी भी कदम से पीछे नहीं हटेगा।



