रूस के यूक्रेन पर भीषण हमले जारी, जेलेंस्की का दावा – एक हफ्ते में 1300 ड्रोन दागे गए

जेलेंस्की का बड़ा दावा, एक हफ्ते में यूक्रेन पर 1300 ड्रोन से हमला ओडेसा और दक्षिणी यूक्रेन सबसे ज्यादा निशाने पर, कई की मौत शांति समझौते को लेकर अमेरिका-रूस-यूक्रेन के बीच बातचीत जारी

Russia: रूस की ओर से यूक्रेन पर लगातार और भीषण हमले किए जा रहे हैं। इस बात की जानकारी खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दी है। जेलेंस्की के मुताबिक, बीते एक हफ्ते में रूस ने यूक्रेन पर करीब 1,300 ड्रोन, 1,200 गाइडेड बम और 9 मिसाइलें दागीं। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय से यूक्रेन को लगातार मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि यूरोपीय परिषद ने 2026-27 के लिए 90 अरब यूरो की सहायता राशि मंजूर की है। इसके अलावा नॉर्वे और जापान से सहायता पैकेज मिला है और पुर्तगाल के साथ समुद्री ड्रोन को लेकर समझौता भी हुआ है।

 

ओडेसा और दक्षिणी यूक्रेन पर सबसे ज्यादा हमले

जेलेंस्की ने बताया कि ओडेसा क्षेत्र और यूक्रेन के दक्षिणी हिस्सों को खासतौर पर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी एजेंसियां इन इलाकों में हालात सामान्य करने के लिए लगातार काम कर रही हैं। जेलेंस्की ने कहा, “हम इस रूसी आतंक का कई स्तरों पर मुकाबला कर रहे हैं। यूक्रेन और अमेरिका की टीमें इस युद्ध को सम्मानजनक शांति के साथ खत्म करने के रास्तों पर काम कर रही हैं। हमलावर को समझना चाहिए कि युद्ध से कोई लाभ नहीं होता।”

 

रूसी हमलों में जान-माल का नुकसान

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार रात ओडेसा क्षेत्र में हुए रूसी हमलों में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस ने बताया कि रूस ने पिवडेने शहर में बंदरगाह से जुड़ी एक अहम इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधा पर मिसाइल हमला किया। रिपोर्ट के अनुसार, रूस पिछले 9 दिनों से लगातार ओडेसा को निशाना बना रहा है, जिससे शहर और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।

 

शांति समझौते को लेकर बातचीत जारी

इधर, यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए शांति वार्ता भी जारी है। रूस के विशेष दूत और रूसी डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड के सीईओ किरिल दिमित्रिएव ने कहा कि मियामी में चल रही बातचीत रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। रूसी समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक, इस बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button