धुरंधर: 555 करोड़ की कमाई के साथ 2025 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनी रणवीर सिंह की फिल्म

रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। अफगानिस्तान, बलूचिस्तान और कराची जैसे सीन्स को लद्दाख और थाईलैंड में फिल्माया गया। दमदार कहानी और शानदार लोकेशन्स ने धुरंधर को 2025 की सबसे बड़ी हिट बना दिया।

Dhurandhar: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ इस साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो चुकी है। रिलीज़ के बाद से ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है और अब तक करीब 555 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है। दमदार एक्टिंग, मजबूत कहानी और शानदार सिनेमैटोग्राफी ने दर्शकों को पूरी तरह बांध लिया है। फिल्म की कहानी के मुताबिक पर्दे पर अफगानिस्तान, बलूचिस्तान और कराची जैसे इलाकों को बेहद प्रभावशाली अंदाज़ में दिखाया गया है। हालांकि, इन जगहों पर असल में शूटिंग नहीं हुई। डायरेक्टर आदित्य धर ने इन सीन्स को फिल्माने के लिए लद्दाख से लेकर थाईलैंड तक अलग-अलग लोकेशन्स को चुना।

 

बैंकॉक में बना था पाकिस्तान का लियारी

खबरों के मुताबिक ‘धुरंधर’ की मुख्य शूटिंग जुलाई 2024 में बैंकॉक, थाईलैंड से शुरू हुई थी। यहां पाकिस्तान के लियारी इलाके का सेट तैयार किया गया था। फिल्म में जब रहमान डकैत अपने बेटे के कातिलों से बदला लेने के लिए अपने लोगों को भेजता है, उस पूरे हिस्से की शूटिंग बैंकॉक में ही की गई थी।यहीं रणवीर सिंह का वो चर्चित सीन भी फिल्माया गया, जो ट्रेलर में देखने को मिला था। गैस सिलेंडरों से भरे उस धमाकेदार सीन में आरोपी को बांधकर आग लगाई जाती है और विस्फोट के बाद रणवीर सिंह बिना पीछे देखे चलते नजर आते हैं। इसके अलावा ऑटो चेज़ वाले सीन भी बैंकॉक में ही शूट किए गए थे।

 

अमृतसर और मुंबई में भी चला कैमरा

फिल्म का दूसरा शेड्यूल नवंबर 2024 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के आसपास शूट किया गया, जहां कहानी के कुछ अहम और भावनात्मक हिस्से फिल्माए गए। इसके बाद फरवरी 2025 में मुंबई के फिल्मिस्तान स्टूडियो में शूटिंग हुई। इसके बाद मढ द्वीप में एक और शेड्यूल चला, जो अप्रैल के अंत तक पूरा हुआ। इन सभी लोकेशन्स पर फिल्म के महत्वपूर्ण सीन्स शूट किए गए, जिनका असर अब स्क्रीन पर साफ दिखाई दे रहा है।

 

तंबाकू फैक्ट्री में शूट हुआ सुपरहिट डांस नंबर

मई में डोम्बिवली-मनकोली पुल पर कुछ एक्शन सीक्वेंस फिल्माए गए। वहीं जुलाई में मुंबई के विले पार्ले स्थित गोल्डन टोबैको फैक्ट्री में फिल्म का एक खास डांस नंबर शूट किया गया। यही वो गाना है जिसमें क्रिस्टल डिसूजा और आयशा खान ने जबरदस्त परफॉर्मेंस दी है। यह डांस नंबर दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा और दोनों डांसर्स की जमकर तारीफ हुई।

 

लद्दाख बना अफगानिस्तान

फिल्म के कुछ बेहद अहम सीन्स लद्दाख में शूट किए गए। कहानी में जब रणवीर सिंह अपने बॉस रहमान डकैत, यानी अक्षय खन्ना, के साथ अफगानिस्तान पहुंचते हैं, उस पूरे हिस्से की शूटिंग लद्दाख में की गई थी।

 

सितारों से सजी ‘धुरंधर’

‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन, आर माधवन, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे दमदार कलाकार नजर आए हैं। 20 वर्षीय अभिनेत्री सारा अर्जुन फिल्म में रणवीर सिंह की प्रेमिका की भूमिका में दिखाई दी हैं। यह फिल्म जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले बनी है। शानदार कहानी और दमदार प्रजेंटेशन के दम पर ‘धुरंधर’ 2025 की सबसे चर्चित और सफल फिल्मों में से एक बन चुकी है।

Related Articles

Back to top button