राजस्थान शिक्षक भर्ती में डमी कैंडिडेट गैंग का बड़ा खुलासा, 26 गिरफ्तार

राजस्थान शिक्षक भर्ती परीक्षा-2022 में डमी कैंडिडेट गिरोह का बड़ा खुलासा। पेपर लीक के बाद भी पैसे लेकर दिलाई गई परीक्षा, 26 आरोपी गिरफ्तार। एसओजी की कार्रवाई में 6 राज्यों में एक साथ छापेमारी।

राजस्थान में वरिष्ठ शिक्षक (द्वितीय श्रेणी) भर्ती परीक्षा-2022 को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। डमी अभ्यर्थियों के जरिए परीक्षा पास कर नौकरी पाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित इस परीक्षा में पेपर लीक और डमी कैंडिडेट के जरिए परीक्षा दिलाने की शिकायतें सामने आई थीं।

 

पेपर लीक के बाद रद्द हुई थी परीक्षा

24 दिसंबर 2022 को हुई परीक्षा में सामान्य ज्ञान और शैक्षिक मनोविज्ञान का प्रश्नपत्र लीक हो गया था। इसके बाद परीक्षा रद्द कर 29 जनवरी 2023 को दोबारा आयोजित की गई। लेकिन जांच में सामने आया कि कुछ अभ्यर्थियों ने पैसे देकर अपने स्थान पर डमी बैठाकर परीक्षा पास की और बाद में नियुक्ति भी हासिल कर ली। आयोग की ओर से 14 अभ्यर्थियों समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ एसओजी में मामला दर्ज कराया गया था।

 

सॉफ्टवेयर से हुई पहचान, लोकेशन ट्रेस कर दबिश

डमी अभ्यर्थियों की पहचान केवल फोटो के आधार पर करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। इसके लिए वन-टाइम रजिस्ट्रेशन डाटाबेस के समानांतर विशेष सॉफ्टवेयर तैयार किया गया, जिससे संदिग्ध तस्वीरों का मिलान कर आरोपियों की पहचान की गई। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई।

 

6 जगहों पर एक साथ छापेमारी

17 फरवरी 2026 को अंडमान-निकोबार, कोलकाता, जयपुर, कोटा और जालौर समेत 6 स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। इस कार्रवाई में कई डमी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में महेश कुमार बिश्नोई, महीपाल बिश्नोई, सही राम, हनुमाना राम, निवास कुराडा और प्रिंस शामिल हैं। इन सभी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बताया जा रहा है कि इन्होंने 3 से 5 लाख रुपये लेकर परीक्षा दी थी।

 

अब तक 26 गिरफ्तार, डिग्री और नियुक्ति की होगी जांच

इस पूरे मामले में अब तक 26 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें 12 मूल अभ्यर्थी, 9 डमी परीक्षार्थी और 5 बिचौलिए शामिल हैं। अब एसओजी गिरफ्तार आरोपियों की शैक्षणिक डिग्री और वर्तमान नियुक्तियों का सत्यापन करेगी। वहीं फरार मूल अभ्यर्थियों की तलाश अभी भी जारी है।

Related Articles

Back to top button