राजस्थान के झालावाड़ में नाबालिग प्रेमी से मारपीट का मामला, वीडियो वायरल

नाबालिग प्रेमी को ससुरालवालों ने बनाया बंधक मारपीट कर बोतल में तरल पदार्थ पिलाने का आरोप वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

राजस्थान के झालावाड़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक नाबालिग युवक को कथित तौर पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक को जबरन पेशाब पिलाई गई, हालांकि पुलिस ने इस दावे की अभी पुष्टि नहीं की है।

 

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के भोपाल (कोलार क्षेत्र) का रहने वाला एक नाबालिग युवक राजस्थान के झालावाड़ जिले के दांगीपुरा गांव पहुंचा था। वह अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने आया था। बताया जा रहा है कि महिला ने ही युवक को कॉल कर गांव बुलाया था। जब युवक वहां पहुंचा तो प्रेमिका के ससुरालवालों ने उसे पकड़ लिया और बंधक बनाकर उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद युवक को बोतल में कोई तरल पदार्थ पिलाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। परिजनों का आरोप है कि बोतल में जो तरल पदार्थ पिलाया गया, वह पेशाब थी। हालांकि झालावाड़ पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिख रहे तरल पदार्थ की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।

 

पुलिस ने क्या बताया?

दांगीपुरा थाना पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में एक नाबालिग लड़के के साथ मारपीट करते हुए उसे बोतल से कुछ पिलाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब तीन साल पहले युवक की प्रेमिका की शादी राजस्थान के एक युवक से हुई थी और उसका एक बच्चा भी है। शुक्रवार रात करीब 8 बजे नाबालिग युवक अपनी प्रेमिका को वापस ले जाने की नीयत से गांव पहुंचा था। इसी दौरान महिला के पति और ससुरालवालों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट की। घटना की सूचना मिलने पर भोपाल के कोलार थाना पुलिस ने झालावाड़ पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद दांगीपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को रेस्क्यू किया। पुलिस के मुताबिक युवक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, लेकिन उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पूरे मामले की जांच जारी है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। युवक के परिजनों और भोपाल पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।

Related Articles

Back to top button