मुरादाबाद में दिल दहला देने वाली घटना: आवारा कुत्तों ने 4 साल की बच्ची को नोचकर मार डाला
मुरादाबाद के डिलारी थाना क्षेत्र के काजीपुरा गांव में दर्दनाक हादसा खेलते समय आवारा कुत्तों के झुंड ने 4 साल की बच्ची पर किया हमला तालाब के पास मिला शव, गांव में मातम और दहशत का माहौल

Up news: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। थाना डिलारी क्षेत्र के गांव काजीपुरा में आवारा कुत्तों के हमले में चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेलते समय कुत्तों ने किया हमला
गांव काजीपुरा निवासी नौशाद, जो पेशे से सुनार हैं, की चार वर्षीय बेटी नुसरत सोमवार शाम करीब छह बजे पड़ोस के बच्चों के साथ खेलने घर से निकली थी। खेल के दौरान अचानक इलाके में घूम रहे आवारा कुत्तों के एक झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। अन्य बच्चे किसी तरह जान बचाकर भाग निकले, लेकिन मासूम नुसरत कुत्तों के चंगुल से नहीं बच पाई।
तालाब तक घसीट ले गए कुत्ते
आवारा कुत्तों का झुंड नुसरत को घसीटते हुए गांव के पास स्थित तालाब तक ले गया, जहां उसे बुरी तरह नोच डाला गया। जब काफी देर तक नुसरत घर नहीं लौटी और पिता नौशाद भी काम से वापस आए, तो परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की।
तालाब के पास मिला दिल दहला देने वाला मंजर
खोजबीन करते हुए जब परिजन तालाब के पास पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। आधा दर्जन से ज्यादा कुत्ते बच्ची के शरीर को नोच रहे थे। ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया और बच्ची को छुड़ाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम से किया इनकार, शव दफनाया गया
परिजनों ने पुलिस से पोस्टमार्टम न कराने की अपील की, जिसके बाद बच्ची के शव को आज दफना दिया गया। जानकारी के अनुसार, नौशाद के चार बच्चे हैं, एक बेटा और तीन बेटियां। नुसरत परिवार की सबसे छोटी बेटी थी। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे और प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



