रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

रायबरेली पहुंचते ही राहुल गांधी का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह उमरन गांव में मनरेगा चौपाल, केंद्र सरकार पर हमलावर हो सकते हैं राहुल विकास कार्यों का लोकार्पण और क्रिकेट टूर्नामेंट का करेंगे शुभारंभ

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार रात अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे। लखनऊ एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए रायबरेली आते समय चुरुवा बॉर्डर, बछरावां कस्बा, हरचंदपुर, गंगागंज और शहर के सारस चौराहा व सिविल लाइन समेत कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने फूल बरसाकर उनका जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया और सीधे भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। गेस्ट हाउस में राहुल गांधी ने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। रायबरेली से सांसद बनने के बाद यह उनका अहम दौरा माना जा रहा है, जिसमें वे सीधे जनता से संवाद करेंगे।

 

मनरेगा चौपाल से केंद्र पर निशाना साध सकते हैं राहुल

मंगलवार को राहुल गांधी रोहनिया ब्लॉक के उमरन गांव में मनरेगा चौपाल लगाएंगे। इस दौरान वे मनरेगा श्रमिकों की उपेक्षा और योजना के नाम में बदलाव जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोल सकते हैं। यह रायबरेली से चुनाव जीतने के बाद पहली बार होगा, जब राहुल गांधी मनरेगा चौपाल के जरिए ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। इसके अलावा वे भुएमऊ गेस्ट हाउस में सांसद निधि से बने करीब तीन करोड़ रुपये के विकास कार्यों जिनमें सड़क, बारातघर सहित अन्य परियोजनाएं शामिल हैं का लोकार्पण करेंगे। साथ ही पंचायत चुनाव की तैयारियों और एसआईआर को लेकर पार्टी पदाधिकारियों से रणनीतिक चर्चा करेंगे।

 

क्रिकेट टूर्नामेंट का करेंगे शुभारंभ

राहुल गांधी आईटीआई कॉलोनी स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन भी करेंगे। खेल आयोजन के जरिए वे युवाओं से जुड़ने की कोशिश करेंगे।

 

राहुल गांधी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार के अनुसार, 19 जनवरी, शाम 7:45 बजे राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा रवाना हुए, रात 9:15 बजे भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचे, 20 जनवरी, सुबह 9 से 10 बजे पार्टी पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों से मुलाकात, सुबह 11:15 से 11:30 बजे सांसद निधि के कार्यों का उद्घाटन, 11:45 से 12 बजे राजकीय क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन, 12:15 से 12:30 बजे पालिकाध्यक्ष शत्रोहन सोनकर के आवास पर कार्यक्रम, दोपहर 1:45 से 2:45 बजे उमरन गांव में मनरेगा चौपाल, रात्रि विश्राम भुएमऊ गेस्ट हाउस में, 21 जनवरी, सुबह 8:10 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान।

Related Articles

Back to top button