बैंकॉक: मृत समझी गई महिला अचानक ताबूत में जीवित मिली

बैंकॉक में चौंकाने वाला मामला: मृत समझी गई महिला ताबूत में अचानक जीवित मिली। अस्पताल में इलाज शुरू, मंदिर के भिक्षु ने खर्च उठाने की घोषणा की। दो साल से बीमार महिला के भाई ने किया था अंतिम संस्कार के लिए ताबूत में रखवाना।

थाईलैंड से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 65 वर्षीय एक महिला को मृत मानकर अंतिम संस्कार के लिए ताबूत में रखा गया था, लेकिन अचानक ताबूत से दस्तक की आवाज आई और महिला अंदर जीवित पाई गई।

 

घटना का वीडियो और लोकेशन

यह घटना नॉनथाबुरी प्रांत के वाट राट प्राखोंग थाम बौद्ध मंदिर में हुई। मंदिर ने इसका वीडियो अपने फेसबुक पेज पर भी साझा किया। वीडियो में दिखाया गया है कि महिला सफेद ताबूत में लेटी हुई थी और उसे पिकअप ट्रक में रखा गया था। तभी महिला के हाथ और सिर में हल्की हरकत देखी गई, जिससे मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए।

 

महिला की हालत और यात्रा

मिली जानकारी के अनुसार, महिला को उनके भाई ने फित्सानुलोक प्रांत से बैंकॉक लाया था ताकि उनका दाह संस्कार किया जा सके। महिला पिछले दो साल से बिस्तर पर थीं और हाल ही में उनकी हालत गंभीर हो गई थी। दो दिन पहले ऐसा लगा कि उनकी सांसें रुक गई हैं। इसी वजह से भाई ने उन्हें ताबूत में रखा और लगभग 500 किलोमीटर की यात्रा करके अस्पताल ले गए।

 

ताबूत में हरकत और आश्चर्य

पैरेट नाम के एक शख्स ने बताया, “जब हमने ताबूत खोला, तो देखा कि महिला अपनी आंखें खोल रही थी और ताबूत को खटखटा रही थी। संभव है कि वह काफी समय से खटखटा रही हों।”

 

मृत्यु प्रमाणपत्र और अस्पताल में इलाज

मंदिर के प्रबंधक ने बताया कि भाई को मृत्यु प्रमाणपत्र के बिना मुफ्त दाह संस्कार सेवा नहीं दी जा सकती थी। तभी ताबूत से ठक-ठक की आवाज आई और महिला को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में महिला का इलाज शुरू कर दिया गया है और मंदिर के प्रमुख भिक्षु ने उनके इलाज का खर्च उठाने की घोषणा की है।

Related Articles

Back to top button