बेंगलुरु में लाल चंदन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 1,143 किलो चंदन बरामद

बेंगलुरु पुलिस ने अंतर्राज्यीय लाल चंदन तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़। 1,143 किलो लाल चंदन और 3 लग्जरी गाड़ियां बरामद। एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी साथी फरार, जांच जारी।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु पुलिस ने आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में सक्रिय लाल चंदन तस्करी के बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 1,143 किलो लाल चंदन और 3 लग्जरी गाड़ियां जब्त की हैं। बरामद माल की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जबकि उसके साथी अब भी फरार हैं। पूरा ऑपरेशन इलेक्ट्रॉनिक सिटी डिवीजन के DCP एम. नारायण (IPS) के निर्देशन में चला। निगरानी की जिम्मेदारी ACP के. एम. सतीश पर थी, जबकि हुलिमावु थाने के इंस्पेक्टर बी. जी. कुमारस्वामी और उनकी टीम ने छापेमारी करते हुए यह कार्रवाई की।

 

शिकायत से शुरू हुई कार्रवाई, आरोपी 20 दिन की पुलिस रिमांड पर

 

7 नवंबर को हुलिमावु थाने में भटमिधार नाम के व्यक्ति ने शिकायत की कि बन्नेरघट्टा मेन रोड पर गोत्तिगेरे झील के पास एक संदिग्ध कार खड़ी है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छापेमारी कर एक युवक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने लाल चंदन की तस्करी में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस ने मौके से 95 किलो लाल चंदन और एक कार जब्त की। वन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आरोपी को 8 नवंबर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 20 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

 

1,143 किलो लाल चंदन बरामद, कई ठिकानों पर छापे

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अहम खुलासे किए। उसने बताया कि वह और उसके साथी आंध्र प्रदेश के कडपा जिले से सस्ते में लाल चंदन खरीदते थे और फिर उसे कर्नाटक व तमिलनाडु में ऊंचे दाम पर बेचते थे। उसकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने कई ठिकानों पर छापे मारे और कुल 1,143 किलो लाल चंदन तथा 3 लग्जरी गाड़ियां जब्त कीं। 26 नवंबर को आरोपी को फिर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उसके फरार साथी अभी भी पुलिस की रडार पर हैं और जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button