बलूचिस्तान में बीएलएफ का बड़ा हमला, 10 पाकिस्तानी सैनिक ढेर
बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट ने पाकिस्तान के कई इलाकों में बड़े हमले किए। जाहो, बरकान, टंप और तुर्बत में पाकिस्तानी सैनिक हताहत हुए। बीएलएफ का दावा: 24 घंटे में चार बड़े हमले किए गए।

Balochistan: बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने सोमवार को दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने पाकिस्तान की सेना के खिलाफ बड़े हमले किए हैं, जिनमें 10 जवान मारे गए। बीएलएफ के अनुसार ये हमले जाहो, बरकान, टंप और तुर्बत के इलाकों में किए गए।
पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमला
बीएलएफ के प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलोच ने बताया कि 28 दिसंबर को दोपहर करीब 1 बजे अवरान जिले के जाहो क्षेत्र में सेना के काफिले पर घात लगाकर हमला किया गया। काफिले में पैदल गश्ती दल, बम निष्क्रिय करने वाली टीम और पिकअप वाहन शामिल थे। बीएलएफ का दावा है कि आठ सैनिक मौके पर ही मारे गए और तीन घायल हो गए। उनके अनुसार, काफिले की सुरक्षा के लिए मौजूद बख्तरबंद वाहन हमले के दौरान पीछे हट गया और घायलों को छोड़कर चला गया।
कैंप पर रॉकेट और ग्रेनेड से हमला
सिर्फ यही नहीं, उसी रात बरकान जिले के रखनी के पास सराती-टिक क्षेत्र में एक सैन्य कैंप पर भी हमला हुआ। बीएलएफ ने कहा कि इस हमले में रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) का इस्तेमाल किया गया, जिससे दो सैनिक मारे गए और एक घायल हो गया।
24 घंटे में चार बड़े हमले
बीएलएफ ने दावा किया कि 24 घंटे में उसके लड़ाकों ने तीन और बड़े हमले किए। टंप के गोमाजी इलाके में सेना के चेकपोस्ट पर एएल गोले दागे गए, जिससे सैनिकों और उपकरणों को नुकसान हुआ। इसके अलावा, 27 दिसंबर को तुर्बत के केंद्र में नौसेना कैंप के मुख्य द्वार पर हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया, जिससे सैनिक हताहत हुए और सेना ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी।



