बर्लिन में नए साल के जश्न के दौरान आग, तेलंगाना के भारतीय छात्र की मौत
बर्लिन में नए साल के जश्न के दौरान अपार्टमेंट में लगी आग जान बचाने के लिए कूदे भारतीय छात्र, सिर में आई गंभीर चोट तेलंगाना के 25 वर्षीय एमएस छात्र की अस्पताल में मौत

Fire accident: जर्मनी की राजधानी बर्लिन में नए साल के जश्न के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। एक अपार्टमेंट में आग लगने के बाद जान बचाने की कोशिश में 25 वर्षीय भारतीय छात्र ने ऊंचाई से छलांग लगा दी, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
अपार्टमेंट में लगी आग, जान बचाने के प्रयास में कूदे छात्र
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना बुधवार रात की है। नए साल के जश्न के दौरान छात्र के अपार्टमेंट में अचानक आग लग गई। आग की लपटों और घने धुएं में फंसने के बाद छात्र ने बाहर कूदकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन ऊंचाई अधिक होने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में मौत
छलांग लगाने के दौरान छात्र के सिर में गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान थोकला ऋतिक रेड्डी के रूप में हुई है।
जर्मनी में कर रहे थे MS की पढ़ाई
ऋतिक रेड्डी तेलंगाना के जंगांव जिले के मलकापुर गांव के रहने वाले थे। उन्होंने हनमकोंडा जिले के एक निजी कॉलेज से BTech किया था। इसके बाद जून 2023 में वह जर्मनी के मैगडेबर्ग गए थे, जहां वह यूनिवर्सिटी ऑफ यूरोप फॉर एप्लाइड साइंसेज में MS की पढ़ाई कर रहे थे।
जनवरी में भारत आने की थी योजना
परिवार के अनुसार, ऋतिक ने दशहरा के दौरान भारत आने की योजना टाल दी थी और वह जनवरी के दूसरे सप्ताह में संक्रांति पर घर लौटने वाले थे। इस हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए विदेश मंत्रालय (MEA) से संपर्क किया है। वहीं, जर्मन प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।
एक महीने पहले अमेरिका में भी हुई थी तेलंगाना की छात्रा की मौत
यह घटना तेलंगाना की एक और छात्रा की मौत के एक महीने बाद सामने आई है। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित अल्बानी शहर में रहने वाली सहजा रेड्डी उडुमाला की 4 दिसंबर को उनके घर में आग लगने से मौत हो गई थी। वह सो रही थीं, तभी आग लग गई। पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय छात्रा का करीब 90 प्रतिशत शरीर झुलस गया था।



