अफगानिस्तान में भारी बारिश से तबाही, अचानक आई बाढ़ में 17 लोगों की मौत
भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ 17 लोगों की मौत, 11 घायल होने की पुष्टि करीब 1,800 परिवार आपदा से प्रभावित

Flood: अफगानिस्तान में एक बार फिर प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। देश के कई हिस्सों में हुई तेज बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई, जिसमें अब तक कम से कम 17 लोगों की मौत हो चुकी है। इस आपदा में 11 लोगों के घायल होने की भी पुष्टि हुई है। अफगानिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता मोहम्मद यूसुफ हम्माद के मुताबिक, बाढ़ ने देश के मध्य, उत्तरी, दक्षिणी और पश्चिमी इलाकों को बुरी तरह प्रभावित किया है। अचानक आई बाढ़ के कारण लोगों का रोजमर्रा का जीवन ठप हो गया है।
बुनियादी ढांचे और मवेशियों को नुकसान
बाढ़ से प्रभावित जिलों में सड़कों, घरों और अन्य बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा बड़ी संख्या में मवेशियों की भी मौत हुई है, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका पर संकट गहरा गया है।
करीब 1,800 परिवार प्रभावित
अधिकारियों के अनुसार, इस बाढ़ की चपेट में करीब 1,800 परिवार आ चुके हैं। पहले से ही आर्थिक और सामाजिक संकट झेल रहे शहरी और ग्रामीण समुदायों की हालत और बिगड़ गई है। हालात का जायजा लेने के लिए प्रभावित इलाकों में राहत टीमें भेजी गई हैं और लोगों की जरूरतों का आकलन किया जा रहा है।
सूखे से राहत, लेकिन तबाही भारी
अधिकारियों ने यह भी बताया कि मौसम की पहली भारी बारिश और हिमपात के चलते देश में लंबे समय से जारी सूखे का अंत हुआ है, लेकिन इसके साथ आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान कर दिया है।



