पुतिन-एर्दोगन बैठक के दौरान काला सागर में तुर्की जहाज पर रूसी मिसाइल हमला

पुतिन और एर्दोगन की मुलाकात के बीच बढ़ा तनाव काला सागर में तुर्की के मालवाहक जहाज पर मिसाइल हमला यूक्रेन को मदद बना रूस-तुर्की टकराव की वजह

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और तुर्की के राष्ट्रपति तैय्यप एर्दोगन शुक्रवार को तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शांति एवं विश्वास मंच में शामिल हुए। इस सम्मेलन से इतर दोनों नेताओं के बीच एक द्विपक्षीय बैठक भी चल रही थी। इसी दौरान रूस-तुर्की संबंधों से जुड़ा एक गंभीर घटनाक्रम सामने आया। दरअसल, तुर्की यूक्रेन को युद्ध में लगातार मानवीय और तकनीकी सहायता दे रहा है। रूस इसे सीधे तौर पर अपने हितों के खिलाफ मानता है। इसी पृष्ठभूमि में, पुतिन और एर्दोगन की बैठक के दौरान ही काला सागर क्षेत्र में एक तुर्की मालवाहक जहाज पर रूसी सेना द्वारा मिसाइल हमला किए जाने की खबर सामने आई।

 

हमले का वीडियो आया सामने

काला सागर में हुए इस हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में देखा जा सकता है कि तुर्की का मालवाहक जहाज आग की लपटों में घिरा हुआ है और तेजी से जल रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना उस फैसले के बाद हुई, जिसमें तुर्की ने यूक्रेन को रूसी जहाजों को निशाना बनाने की अनुमति दी थी। माना जा रहा है कि यह रूस की ओर से तुर्की के खिलाफ अब तक की सबसे कड़ी सैन्य प्रतिक्रिया है।

 

यूक्रेन के लिए बिजली जनरेटर ले जा रहा था जहाज

सूत्रों के मुताबिक, तुर्की का मालवाहक जहाज Cenk RoRo यूक्रेन की राजधानी कीव के लिए बिजली जनरेटर ले जा रहा था। ये जनरेटर तुर्की की कंपनी AKSA द्वारा सप्लाई किए जा रहे थे। गौरतलब है कि रूस ने हाल के महीनों में यूक्रेन के पावर प्लांट, बिजली घरों और ऊर्जा ढांचे पर लगातार हमले किए हैं, जिससे देश में गंभीर ऊर्जा संकट पैदा हो गया है। यूक्रेन की इसी जरूरत को देखते हुए तुर्की बिजली जनरेटर की आपूर्ति कर रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही रूसी सेना को जहाज की मौजूदगी और उसके कार्गो की जानकारी मिली, ओडेसा बंदरगाह के पास बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया गया। हमले के बाद रूस की ओर से सख्त संदेश देते हुए कहा गया कि जो भी रूस के हितों को नुकसान पहुंचाएगा, उसे इसके परिणाम भुगतने होंगे।

Related Articles

Back to top button