नई ‘स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस’ शुरू: जैसलमेर अब सीधे दिल्ली से जुड़ा

राजस्थान के जैसलमेर को दिल्ली से जोड़ने वाली नई स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस शुरू सीमावर्ती इलाके में कनेक्टिविटी और रणनीतिक आवागमन को मिलेगा बड़ा फायदा नई ट्रेन से पर्यटन, व्यापार और आम यात्रियों की आवाजाही होगी आसान

राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर को अब राजधानी नई दिल्ली से जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवा शनिवार से शुरू हो गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जैसलमेर से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई ट्रेन का नाम स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस रखा गया है। इसका उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों में यात्रियों की पहुंच को आसान बनाना और रणनीतिक आवाजाही को मजबूत करना है।

 

ट्रेन का रूट

स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस शकूर बस्ती (दिल्ली) से चलेगी और बीच में ये प्रमुख स्टेशन आएंगे, दिल्ली कैंट, गुड़गांव, रेवाड़ी, अलवर, दौसा, जयपुर, फुलेरा, नवासिटी, कुचामन, मकराना, डेगाना, मेडतारोड, जोधपुर, ओसियां, मारवाड़ लोहावट, फलोदी, रामदेवरा, आशापुरा गोमट। वापसी में भी ट्रेन इन्हीं स्टेशनों से होकर जैसलमेर से दिल्ली पहुंचेगी

ट्रेन की टाइमिंग

दिल्ली की शकूर बस्ती से प्रस्थान, शाम 5:10 बजे, रेवाड़ी शाम 7:10 बजे, जयपुर, रात 10:40 बजे, जैसलमेर, अगले दिन सुबह 9 बजे

वापसी यात्रा:

जैसलमेर से, शाम 5 बजे, जोधपुर — रात 10:15 बजे, जयपुर — सुबह 3:40 बजे, रेवाड़ी — सुबह 7:30 बजे, दिल्ली (शकूर बस्ती) — सुबह 9:30 बजे।

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने क्या कहा?

समारोह में रेल मंत्री ने बताया कि यह नई सेवा आम यात्रियों के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में मौजूद बड़े रक्षा प्रतिष्ठानों की जरूरतों को भी पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में 55,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। राज्य में अनूपगढ़-खाजूवाला-बीकानेर-जैसलमेर-बाड़मेर कॉरिडोर समेत कई नई लाइनों पर काम विभिन्न तकनीकी चरणों में है। रेल मंत्री ने यह भी बताया कि रेलवे आवंटन में पिछले एक दशक में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे नई सेवाओं की शुरुआत, ट्रैक के नवीनीकरण और स्टेशनों के आधुनिकीकरण में तेजी आई है। जैसलमेर स्टेशन को 140 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड किया गया है और यह राजस्थान के उन 85 स्टेशनों में शामिल है जिन्हें 4,000 करोड़ रुपये से आधुनिक बनाया जा रहा है।

 

रेलवे के विकास की तेज रफ्तार

वैष्णव के अनुसार, 2014 से पहले राजस्थान को हर साल लगभग 680 करोड़ रुपये का आवंटन मिलता था, जबकि अब यह बढ़कर 10,000 करोड़ रुपये हो गया है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि दिल्ली के लिए नई दैनिक ट्रेन से स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा होगा। बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा असर यात्रियों की आवाजाही पर पड़ता है।

Related Articles

Back to top button