दिल्ली में दरिंदगी: 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

चाय का लालच देकर 10 साल की मासूम से दरिंदगी सेंट्रल दिल्ली के प्रसाद नगर थाना क्षेत्र की घटना 12 घंटे में आरोपी ई-रिक्शा चालक गिरफ्तार

Delhi rape case: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सेंट्रल दिल्ली के प्रसाद नगर थाना क्षेत्र में एक 10 साल की मासूम बच्ची को चाय पिलाने का लालच देकर उसके साथ यौन शोषण किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर आरोपी ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया।

 

क्या है पूरा मामला

डीसीपी के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को अस्पताल से सूचना मिली कि एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है। पीड़िता ने बताया कि 10 जनवरी की दोपहर, बी.एल. कपूर अस्पताल के पास एक अज्ञात ई-रिक्शा चालक ने उसे चाय पिलाने का लालच दिया। इसके बाद आरोपी बच्ची को एक सुनसान और जंगली इलाके में ले गया, जहां एक नीले रंग के कमरे में उसने वारदात को अंजाम दिया। बच्ची ने साहस दिखाते हुए आरोपी का हुलिया और उसके लाल रंग के ई-रिक्शा (सफेद छत वाला) की अहम जानकारी पुलिस को दी, जिससे जांच में तेजी आई।

 

20 वर्ग किलोमीटर में चला सर्च ऑपरेशन

मामला दर्ज होते ही प्रसाद नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने करीब 20 वर्ग किलोमीटर इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और 22 अलग-अलग स्थानों की तलाशी ली। इस दौरान रामनाथ विजय मार्ग के पास से बच्ची की चप्पल बरामद हुई, जिससे घटनास्थल की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे संदिग्ध ई-रिक्शा की पहचान हो सकी।

 

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी

पुलिस ने कई ई-रिक्शा स्टैंड्स पर छापेमारी के बाद राजेंद्र प्लेस पेट्रोल पंप के पास से 25 वर्षीय आरोपी दुर्गेश को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास से खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button