सुभाष चंद्र बोस की अनसुनी प्रेम कहानी: जब एक ऑस्ट्रियाई युवती पर हार बैठे आज़ादी के नायक का दिल
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनकी ज़िंदगी से जुड़ा एक अनसुना किस्सा आजादी की लड़ाई के बीच ऑस्ट्रियाई युवती एमिली शेंकल से हुआ था सुभाष का प्यार त्याग, संघर्ष और प्रेम से भरी यह कहानी आज भी लोगों को भावुक कर देती है

देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान क्रांतिकारी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज जयंती है। 23 जनवरी 1897 को जन्मे सुभाष चंद्र बोस ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपना पूरा जीवन मातृभूमि को समर्पित कर दिया। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि आज़ादी की इस जंग के बीच नेताजी की ज़िंदगी में प्यार की एक खूबसूरत कहानी भी थी।
ऑस्ट्रियाई युवती एमिली शेंकल से कैसे हुआ प्यार?
यह प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। दरअसल, एक इंटरव्यू के दौरान सुभाष चंद्र बोस की मुलाकात ऑस्ट्रिया की रहने वाली एमिली शेंकल से हुई थी। यह मुलाकात कुछ ही मिनटों की थी, लेकिन यही मुलाकात कब गहरे प्रेम में बदल गई, इसका एहसास खुद सुभाष चंद्र बोस को भी नहीं हुआ। उस समय सुभाष चंद्र बोस एक किताब लिख रहे थे और उन्हें एक टाइपिस्ट की जरूरत थी। उनके मित्र डॉक्टर माथुर ने इस काम के लिए दो लोगों को भेजा, जिनमें से एक 23 वर्षीय ऑस्ट्रियाई युवती एमिली शेंकल थीं।
पहली नजर का प्यार
जब सुभाष चंद्र बोस ने एमिली को देखा, तो वह पहली ही मुलाकात में उनके प्रति आकर्षित हो गए। उस समय सुभाष चंद्र बोस की उम्र 37 साल थी। इतिहासकार सौगत बोस की किताब ‘हिज मैजेस्टी अपोनेंट सुभाष चंद्र बोस एंड इंडियाज़ स्ट्रगल अगेंस्ट एम्पायर’ में इस बात का ज़िक्र मिलता है कि एमिली से मिलने के बाद सुभाष के स्वभाव और जीवन में बड़ा बदलाव आया।
प्यार, प्रस्ताव और रिश्ते की गहराई
खुद एमिली शेंकल ने बताया था कि सुभाष चंद्र बोस ने ही उन्हें अपने दिल की बात कही और प्रपोज किया। इसके बाद उनका रिश्ता धीरे-धीरे और गहरा होता चला गया। 1934 से मार्च 1936 के बीच, ऑस्ट्रिया और चेकोस्लोवाकिया में साथ रहने के दौरान दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए। हालांकि शुरुआत में एमिली के पिता इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे, लेकिन जब उन्होंने सुभाष चंद्र बोस को करीब से जाना और उनसे मुलाकात की, तो वे भी इस रिश्ते के लिए राज़ी हो गए।
लव लेटर और गुपचुप शादी की चर्चा
बताया जाता है कि सुभाष चंद्र बोस ने एमिली को कई प्रेम पत्र (Love Letters) भी लिखे थे, जो उनके गहरे रिश्ते की गवाही देते हैं। जानकारी के मुताबिक, सुभाष और एमिली ने करीब 12 साल का साथ बिताया। खबरें यह भी कहती हैं कि दोनों ने गुपचुप शादी भी की थी, हालांकि इस पर आज भी ऐतिहासिक बहस जारी है।
किताब में दर्ज है यह प्रेम कहानी
सुभाष चंद्र बोस के बड़े भाई के बेटे शिशिर कुमार बोस की पत्नी कृष्णा बोस ने भी इस प्रेम कहानी को अपनी किताब ‘ए ट्रू लव स्टोरी – एमिली एंड सुभाष’ में विस्तार से लिखा है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस का यह प्रेम, भले ही सार्वजनिक जीवन से दूर रहा हो, लेकिन यह कहानी आज भी लोगों के दिलों में अमर है।



