दिल्ली के द्वारका में दर्दनाक हादसा: नाबालिग चालक की टक्कर से युवक की मौत, मां ने मांगा इंसाफ
नाबालिग चालक की लापरवाही से गई 23 वर्षीय युवक की जान। बिना लाइसेंस चला रहा था कार, जुवेनाइल बोर्ड से मिली अंतरिम ज़मानत। मृतक की मां ने सोशल मीडिया पर लगाई न्याय की गुहार।

Delhi news: राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा 3 फरवरी को लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुआ, जहां एक स्कॉर्पियो कार ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी।
नाबालिग चालक निकला आरोपी
जांच में सामने आया कि कार चला रहा लड़का नाबालिग है और उसकी उम्र 17 साल है। शुरुआती पूछताछ में उसकी उम्र 19 साल बताई गई थी, लेकिन दस्तावेज़ों की जांच के बाद वह 17 साल का निकला। इसके बाद उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया और ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया। 10 फरवरी 2026 को बोर्ड ने कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए उसे अंतरिम ज़मानत दे दी।
बिना लाइसेंस चला रहा था कार
पुलिस ने बताया कि आरोपी बिना ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी चला रहा था। हादसे के समय उसकी बहन भी कार में मौजूद थी और मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर रही थी। हालांकि, पुलिस के अनुसार रील बनाने जैसी कोई बात अब तक जांच में सामने नहीं आई है।
एक की मौत, एक घायल
हादसे में बाइक सवार साहिल धनेशरा (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैक्सी चालक अजीत सिंह घायल हो गया। उसे IGI अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका बयान दर्ज कर लिया गया है।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो गलत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल से टकराई और उसके बाद सड़क किनारे खड़ी डिज़ायर कार से जा भिड़ी। जहां हादसा हुआ, वह इलाका सीधे CCTV कवरेज में नहीं आता, लेकिन एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच जारी है।
पिता की भूमिका पर क्या कहती है कानून
आरोपी के पिता द्वारका के एक ट्रांसपोर्टर बताए जा रहे हैं। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि यदि नाबालिग बच्चे ने पिता की गाड़ी चलाई है, तो मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 199A के तहत अभिभावक की जिम्मेदारी तय की जा सकती है। इस पर अंतिम फैसला कोर्ट करेगा।
मां ने सोशल मीडिया पर लगाई गुहार
मृतक की मां ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक अपील करते हुए अपने बेटे के लिए न्याय की मांग की है। उन्होंने लिखा कि उन्होंने साहिल को एक सिंगल मदर के तौर पर पाला-पोसा था और अब उन्हें इंसाफ चाहिए।



