लखनऊ में कांग्रेस का प्रदर्शन: मनरेगा और कानून व्यवस्था पर हंगामा
मनरेगा और कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का प्रदर्शन लखनऊ में विधानसभा घेराव के दौरान हंगामा पुलिस से नोकझोंक, सरकार पर लोकतंत्र दबाने का आरोप

Up news: उत्तर प्रदेश में आज मनरेगा और कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए कई वरिष्ठ नेताओं को पहले ही नजरबंद कर दिया गया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजधानी लखनऊ में विधानसभा का घेराव करने पहुंचे। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में सुबह 11 बजे विधानसभा मार्च का आह्वान किया गया था।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
लखनऊ में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से महात्मा गांधी के नाम और विचारों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, उससे सरकार की मंशा साफ झलकती है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि विधानसभा के बाहर की गई बैरिकेडिंग जनता की आवाज को दबाने की कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में डर और बल के सहारे शासन नहीं चलाया जा सकता। उनका कहना था कि सरकार को युवाओं की बेरोजगारी, परीक्षाओं में गड़बड़ी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। अजय राय ने यह भी कहा कि कांग्रेस जनता के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी और किसी भी दबाव में पीछे नहीं हटेगी।



