दर्दनाक सड़क हादसे: बेंगलुरु में मां-बेटे की मौत, नूंह में भीषण टक्कर से दो लोगों ने गंवाई जान

बेंगलुरु में स्कूल जाते वक्त मां-बेटे की बस की चपेट में आकर मौके पर मौत हादसे के बाद कॉलेज बस चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश नूंह में KMP एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे में कई वाहनों की टक्कर, आग से दो की मौत

Bengaluru accident news: बेंगलुरु के विवेक नगर इलाके से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां पैदल स्कूल जा रहे एक मासूम बच्चे और उसकी मां की बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 6:45 से 6:50 बजे के बीच हुआ, जब संगीता अपने छोटे बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए पैदल जा रही थीं। इसी दौरान एक कॉलेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां और बेटे दोनों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि स्थानीय लोगों के गुस्से के डर से चालक घबरा गया होगा। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कॉलेज की बस शिक्षकों को लेकर जा रही थी और चालक यू-टर्न ले रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रहे मां-बेटे पर उसकी नजर नहीं पड़ी, जिससे यह हादसा हुआ।

 

नूंह में भीषण सड़क हादसा: कई वाहनों की टक्कर के बाद आग, दो की मौत

वहीं, हरियाणा के नूंह जिले से भी एक गंभीर सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह घने कोहरे के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद कुछ वाहनों में आग लग गई, जिसमें एक ट्रक चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के चलते एक्सप्रेसवे पर लंबा ट्रैफिक जाम भी लग गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button