घने कोहरे में दो ट्रकों की भीषण टक्कर, केबिन में फंसा ड्राइवर जिंदा जला

आगरा-इटावा-कानपुर 6 लेन हाईवे पर घने कोहरे के कारण दर्दनाक हादसा टक्कर के बाद जिप्सम लदे ट्रक में लगी आग, ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत दमकल पहुंची लेकिन देर हो चुकी थी, हाईवे पर घंटों लगा रहा जाम

Weather: उत्तर भारत में घना कोहरा लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। ताज़ा मामला आगरा-इटावा-कानपुर 6 लेन हाईवे से सामने आया है, जहां घने कोहरे के चलते दो ट्रकों की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक ड्राइवर केबिन में फंस गया और ट्रक में आग लगने से उसकी जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

 

पक्का बाग ओवरब्रिज के पास हुआ भीषण हादसा

यह हादसा गुरुवार देर रात पक्का बाग ओवरब्रिज के पास नेशनल हाईवे-2 पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जिप्सम से लदे ट्रक में आग लग गई, जो देखते ही देखते केबिन तक पहुंच गई। ड्राइवर बाहर निकलने का मौका नहीं पा सका और आग की लपटों में घिर गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।

 

कोहरे में अचानक ब्रेक बना हादसे की वजह

पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के अहलानाबाद से जिप्सम लेकर वाराणसी जा रहा ट्रक आगे चल रहे दूसरे ट्रक से टकरा गया। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी और इसी दौरान आगे वाले ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रहे ट्रक के ड्राइवर को संभलने का मौका नहीं मिला।

 

एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक ट्रक का केबिन पूरी तरह जल चुका था। आग बुझने के बाद पुलिस ने केबिन से ड्राइवर का जला हुआ शव बरामद किया।

 

मृतक की पहचान, घंटों जाम रहा हाईवे

पीछे चल रहे ट्रक के ड्राइवर ने मृतक की पहचान हरियाणा के सिरसा निवासी जसकीरत सिंह उर्फ लवली के रूप में की। हादसे के कारण इस व्यस्त हाईवे पर कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। क्रेन की मदद से ट्रकों को हटाने के बाद ही जाम खुल सका।

Related Articles

Back to top button