ग्वालियर में बेखौफ बदमाशों का तांडव, पुलिस चौकी के पास छात्र को मारी गोली
पुलिस चौकी के पास दिनदहाड़े छात्र को मारी गोली बदमाशों ने घायल छात्र और उसके साथी को जमकर पीटा सीसीटीवी में कैद वारदात, आरोपियों की तलाश में पुलिस

Madhya Pradesh: ग्वालियर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर में आए दिन मारपीट और गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला ग्वालियर शहर के डीडी नगर इलाके का है, जहां दिनदहाड़े पुलिस चौकी से कुछ ही कदमों की दूरी पर बदमाशों ने एक छात्र को गोली मार दी। घटना महाराजा कॉम्प्लेक्स स्थित पुलिस चौकी के पास की है। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार होकर आए करीब आधा दर्जन बदमाशों ने छात्र कृष्णा पंडित को घेर लिया और उस पर फायरिंग कर दी। गोली छात्र के पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद भी बदमाशों का कहर नहीं थमा और उन्होंने छात्र व उसके साथी के साथ जमकर लात-घूंसे बरसाए।
पुलिस चौकी के पास वारदात, फिर भी नहीं दिखा पुलिस का खौफ
हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना पुलिस चौकी से महज कुछ कदमों की दूरी पर हुई, लेकिन बदमाशों में पुलिस का कोई डर नजर नहीं आया। वारदात के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुरानी रंजिश में किया गया हमला
घायल छात्र कृष्णा पंडित को उसके दोस्तों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, करीब तीन साल पहले कृष्णा का कुछ बदमाशों से कोचिंग के दौरान विवाद हुआ था। इसके बाद वह पढ़ाई के लिए भोपाल चला गया था। दो दिन पहले ही वह ग्वालियर लौटा था। बुधवार को वह डीडी नगर इलाके में अपने दोस्त के घर गया हुआ था, तभी बदमाशों ने उसे पहचान लिया और बदले की नीयत से हमला कर दिया।
आरोपियों पर मामला दर्ज, गिरफ्तारी के प्रयास तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। छात्र की शिकायत पर विश्वास गुर्जर, सुमित गुर्जर, कान्हा सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। दिनदहाड़े हुई इस गोलीकांड की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और शहर की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।



