दिल्ली में अवैध बांग्लादेशियों पर बड़ा एक्शन, SIR से पहले 20 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे 20 बांग्लादेशी नागरिकों को किया गिरफ्तार फर्जी भारतीय पहचान पत्र मिलने के बाद एजेंसियां अलर्ट SIR से पहले राजधानी में तेज़ हुई अवैध विदेशियों पर कार्रवाई

Delhi: भारत के अलग-अलग राज्यों में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज़ होती जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर रही हैं और कानूनी प्रक्रिया के तहत बांग्लादेश वापस भेजा जा रहा है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
दिल्ली में 20 अवैध बांग्लादेशी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजधानी के विभिन्न इलाकों से 20 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये सभी लोग अवैध रूप से भारत में रह रहे थे। पुलिस ने इनके पास से कुछ भारतीय पहचान पत्र भी बरामद किए हैं, जिनकी अब जांच की जा रही है।
SIR से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन
दिल्ली में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से पहले ही पुलिस की यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि SIR प्रक्रिया के दौरान अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों और फर्जी पहचान के मामलों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
दिल्ली में जल्द शुरू होगा SIR
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से दिल्ली में जल्द ही वोटर लिस्ट का विशेष गहन पुनरीक्षण कराया जाएगा। यह प्रक्रिया तीसरे चरण में होगी। इससे पहले पहले चरण का SIR बिहार में और दूसरे चरण का आयोजन देश के 12 राज्यों में किया जा चुका है। यह अभियान फिलहाल जारी है।
बड़ी संख्या में नाम कटने की संभावना
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में पिछली बार SIR करीब 20 साल पहले हुआ था। इतने लंबे समय के बाद वोटर लिस्ट को अपडेट करना जरूरी हो गया है। अन्य राज्यों के अनुभवों को देखते हुए यह संभावना जताई जा रही है कि दिल्ली में भी लाखों नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा सकते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की हो सकती है जिनका निधन हो चुका है या जो अब उस पते पर निवास नहीं करते।



