गुना में दर्दनाक हादसा: कार का शीशा तोड़कर अंदर घुसी नीलगाय, मां की गोद में बैठी 4 साल की बच्ची की मौत
सड़क पर अचानक सामने आई नीलगाय, कार का शीशा तोड़कर अंदर घुसी मां की गोद में बैठी 4 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हादसे में बच्ची के माता-पिता घायल, अस्पताल में इलाज जारी

Madhya pradesh accident news: मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सड़क पर अचानक सामने आई नीलगाय कार का शीशा तोड़ते हुए वाहन के अंदर घुस गई, जिससे कार में बैठी 4 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा बुधवार शाम करीब 6:45 बजे गुना जिले के बिलोनिया गांव के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, गुना निवासी सोनू जाट अपनी पत्नी और 4 साल की बेटी तान्या के साथ मकर संक्रांति मनाने के लिए कार से अपने पैतृक गांव जा रहे थे। बच्ची कार के अंदर अपनी मां की गोद में बैठी हुई थी। इसी दौरान अचानक सड़क पर दो नीलगाय आ गईं। चालक इससे पहले कि गाड़ी पर नियंत्रण कर पाता, एक नीलगाय तेज़ी से दौड़ते हुए कार से टकराई और आगे का शीशा तोड़कर सीधे वाहन के अंदर घुस गई।
बच्ची के सिर पर लगे नीलगाय के पैर
नीलगाय के अंदर घुसते ही उसके पैर बच्ची के सिर से टकरा गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में बच्ची के माता-पिता भी घायल हो गए।
घायल माता-पिता का इलाज जारी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची के माता-पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं नीलगाय की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। उसे कार से बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
परिवार में मातम, इलाके में सन्नाटा
इस दर्दनाक हादसे के बाद बच्ची के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि इस तरह का हादसा भी हो सकता है।



