खैबर पख्तूनख्वा में फिर धमाका, पुलिस वाहन को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला

खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मारवात में पुलिस वाहन पर आत्मघाती हमला एक हेड कॉन्स्टेबल की मौत, तीन पुलिसकर्मी घायल हमलावर का साथी फरार, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

Pakistan news: पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा प्रांत एक बार फिर हिंसा की चपेट में आ गया है। उत्तर-पश्चिमी इलाक़े में स्थित यह क्षेत्र लंबे समय से अशांत रहा है और हाल के महीनों में सुरक्षाबलों पर हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। सोमवार को यहां एक पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए आत्मघाती हमला किया गया।

 

एक पुलिसकर्मी की मौत, 3 घायल

पुलिस के मुताबिक, लक्की मारवात जिले के ताजोरी पुलिस थाने के पास एक आत्मघाती हमलावर ने पुलिस वाहन के नज़दीक खुद को उड़ा लिया। हमले में हेड कॉन्स्टेबल अलाउद्दीन की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

 

हमलावर का साथी फरार

अधिकारियों ने बताया कि धमाके के दौरान हमलावर का एक साथी मौके से भाग निकला। उसकी तलाश में इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इससे पहले भी लक्की मारवात में सुरक्षाबलों पर कई हमले हो चुके हैं।

 

सीएम अफरीदी की प्रतिक्रिया

हमले की कड़ी निंदा करते हुए खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने कहा कि सरकार पूरी मजबूती के साथ पुलिस के साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि आतंकियों को पकड़ने के लिए बड़ा अभियान शुरू कर दिया गया है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

 

हाल ही में सेना पर भी हमला

ध्यान देने वाली बात यह है कि हाल ही में इसी प्रांत में पाकिस्तानी सेना के काफिले को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया गया था, जिसमें एक कैप्टन सहित छह सैनिक मारे गए थे। लगातार होते हमले इस क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button