कर्नाटक में मस्जिद की दीवार पर ‘जय श्री राम’ लिखवाने का मामला, ऑटो ड्राइवर गिरफ्तार

मस्जिद की दीवार पर लिखवाया ‘जय श्री राम’ ऑटो ड्राइवर ने बेटे से करवाया काम CCTV फुटेज से खुला पूरा मामला

बागलकोट: कर्नाटक के बागलकोट जिले से सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक ऑटो ड्राइवर को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उसने अपने 12 साल के बेटे से शहर की एक मस्जिद की दीवार पर ‘जय श्री राम’ लिखवाया। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

 

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान यमुनोरी भजंत्री के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात वह अपने बेटे और अपनी बहन के बच्चों समेत कुल छह बच्चों को ऑटो में घुमाने के लिए निकला था। इसी दौरान वह शहर की एक मस्जिद के पास रुका और अपने 12 साल के बेटे को दीवार पर ‘जय श्री राम’ लिखने के लिए कह दिया। इस घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई और पुलिस तक मामला पहुंच गया। शुरुआती जांच में पुलिस को सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश का शक हुआ।

 

CCTV फुटेज से हुआ खुलासा

घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने यमुनोरी भजंत्री को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके नाबालिग बेटे को हिरासत में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

 

पुलिस की अपील और चेतावनी

जिले के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ गोयल ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में मासूम बच्चों का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने मस्जिद से जुड़े लोगों की शांति और संयम बनाए रखने के लिए सराहना भी की है। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Back to top button