इजरायल-ईरान जंग के बीच भारत से बातचीत, विदेश मंत्री ने जयशंकर को बताई पूरी स्थिति
मिडिल ईस्ट में जंग के बीच इजरायल-भारत के बीच हाई लेवल बातचीत ईरान पर इजरायल के गंभीर आरोप, वैश्विक खतरे की जताई आशंका दोनों पक्षों से रिश्ते मजबूत, भारत के लिए संतुलन बड़ी चुनौती

Iran crisis: मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच इजरायल ने भारत से सीधी बातचीत कर हालात साझा किए हैं। इजरायल के विदेश मंत्री Gideon Sa’ar ने भारत के विदेश मंत्री S. Jaishankar को फोन कर ईरान के साथ चल रहे तनाव और सैन्य स्थिति की जानकारी दी। इस बातचीत में क्षेत्र की बिगड़ती स्थिति और वैश्विक असर पर भी चर्चा हुई।
क्या-क्या हुई बातचीत
गिडोन सार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि उन्होंने जयशंकर को ईरान के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान का शासन हार्मुज जलडमरूमध्य में “नौसैनिक आतंकवाद” कर रहा है, जिससे वैश्विक व्यापार और अर्थव्यवस्था पर खतरा बढ़ रहा है। उनका कहना था कि यह सिर्फ इजरायल या अमेरिका का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती है।
ईरान पर लगाए गंभीर आरोप
इजरायली विदेश मंत्री ने ईरान पर आक्रामक रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईरान मध्य पूर्व, काकेशस और यूरोप के कई हिस्सों में तनाव बढ़ा रहा है और उसका व्यवहार “पागलपन” जैसा है। साथ ही उन्होंने भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी को अहम बताते हुए दोनों देशों के मजबूत संबंधों की सराहना की।
भारत की संतुलन नीति
गौरतलब है कि भारत के इजरायल और ईरान दोनों के साथ अच्छे संबंध हैं। एक तरफ प्रधानमंत्री Narendra Modi और इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu के बीच मजबूत रिश्ते हैं, वहीं दूसरी ओर ईरान के साथ भी भारत की रणनीतिक साझेदारी बनी हुई है। ऐसे में इस पूरे मामले में भारत संतुलित कूटनीतिक रुख अपनाए हुए है।



