अमेरिका से तनाव के बीच ईरान में सैन्य हेलीकॉप्टर क्रैश, बाजार में गिरने से 4 की मौत
अमेरिका से जारी तनाव के बीच ईरान में बड़ा हादसा ट्रेनिंग उड़ान के दौरान बाजार में गिरा सैन्य हेलीकॉप्टर पायलट, को-पायलट समेत चार लोगों की मौत

तेहरान: अमेरिका के साथ जारी तनाव के बीच ईरान से एक बड़ी खबर सामने आई है। मंगलवार को मध्य ईरान में एक सैन्य हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। यह हेलीकॉप्टर फल और सब्जी बाजार के बीच जा गिरा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
दोर्चेह शहर में हुआ हादसा
ईरानी राज्य टीवी के मुताबिक यह हादसा राजधानी तेहरान से करीब 330 किलोमीटर दक्षिण में इस्फहान प्रांत के दोर्चेह शहर में हुआ। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर प्रशिक्षण उड़ान पर था, तभी अचानक वह नियंत्रण खो बैठा और सीधे बाजार में जा गिरा। इस्फहान के पास ही ईरानी वायुसेना का एयरबेस स्थित है। यही इलाका ईरान के प्रमुख परमाणु केंद्रों में से एक माना जाता है। हाल के महीनों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के दौरान इस क्षेत्र का नाम भी चर्चा में रहा था।
पायलट और सह-पायलट की मौत
हादसे में हेलीकॉप्टर के पायलट और सह-पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा बाजार में मौजूद दो आम नागरिक भी मारे गए। घटनास्थल से मलबे और धुएं का वीडियो सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, मरने वालों की संख्या चार बताई गई है। यह एक हफ्ते के भीतर ईरान में दूसरी बड़ी सैन्य विमान दुर्घटना है। हाल ही में पश्चिमी शहर हमदान के पास एक एफ-4 फाइटर जेट भी क्रैश हुआ था, जिसमें एक पायलट की जान गई थी। ईरान में विमान हादसों का पुराना इतिहास रहा है। पश्चिमी प्रतिबंधों की वजह से विमान और हेलीकॉप्टर के स्पेयर पार्ट्स की आपूर्ति प्रभावित रही है। ऐसे में ईरान को अपने पुराने सैन्य और कमर्शियल बेड़े पर ही निर्भर रहना पड़ता है।



