मालदा में न्यायिक अधिकारियों पर हमला: CBI जांच शुरू, 18 गिरफ्तार

मालदा में न्यायिक अधिकारियों पर हमले के बाद मामला गरमाया CBI जांच शुरू, अब तक 18 आरोपी गिरफ्तार प्रदर्शन के दौरान हाईवे जाम, पुलिस पर पथराव से कई घायल

West Bengal: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों पर हमले के मामले ने अब बड़ा रूप ले लिया है। कालियाचक ब्लॉक-2 में SIR (मतदाता सूची पुनरीक्षण) के दौरान हुई इस घटना की जांच अब CBI को सौंप दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद इलेक्शन कमीशन ने यह फैसला लिया। मामले में अब तक 18 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

 

न्यायिक अधिकारियों का घेराव

घटना बुधवार की है, जब कालियाचक-II ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिस के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पहले अधिकारियों से मिलने की मांग की। मांग पूरी न होने पर भीड़ ने 7 न्यायिक अधिकारियों को घेर लिया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।

 

नेशनल हाईवे 12 पर जाम

घटना के अगले दिन गुरुवार सुबह भी विरोध जारी रहा। ओल्ड मालदा के मंगलबाड़ी इलाके में BSF कैंप के पास प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-12 को जाम कर दिया। इंग्लिश बाजार के जदुपुर इलाके में भी लोग सड़क पर उतर आए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ।

 

पुलिस पर पथराव, कई घायल

हाईवे से जाम हटाने पहुंची पुलिस को भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और उनकी गाड़ियों पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक पुलिस वाहन का ड्राइवर भी जख्मी हुआ है। पुलिस और सुरक्षाबलों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार नहीं थे।

Related Articles

Back to top button