मालदा हिंसा केस: सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद NIA जांच शुरू, 35 आरोपी गिरफ्तार

मालदा में जजों को बंधक बनाने से मचा बवाल सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद NIA जांच शुरू मुख्य साजिशकर्ता समेत 35 आरोपी गिरफ्तार

West Bengal: पश्चिम बंगाल के मालदा में न्यायिक अधिकारियों पर हमले के मामले ने अब बड़ा मोड़ ले लिया है। सुप्रीम कोर्ट की कड़ी टिप्पणी के बाद चुनाव आयोग ने इस केस की जांच NIA को सौंप दी है। आदेश मिलते ही NIA ने जांच शुरू कर दी है और शुरुआती कार्रवाई में 35 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन गिरफ्तारियों में मुख्य साजिशकर्ता भी शामिल बताया जा रहा है।

 

मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

नॉर्थ बंगाल के ADG जयरामन के मुताबिक, इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता मोफक्करुल इस्लाम को बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि वह लोगों को भड़काने में शामिल था और घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि पूरी घटना पहले से प्लान की गई थी या नहीं। सुरक्षा के मद्देनजर न्यायिक अधिकारियों को CAPF की सुरक्षा भी दे दी गई है।

 

आरोपी ने क्या कहा

गिरफ्तारी के बाद मोफक्करुल इस्लाम ने खुद को बेगुनाह बताया है। उसका कहना है कि वह सिर्फ SIR और D-वोटर से जुड़े मुद्दों पर लोगों की मदद करने के लिए वहां गया था। उसने दावा किया कि उसने कोई आंदोलन नहीं किया, बल्कि रास्ते से गुजरते समय सिर्फ भाषण दिया था।

 

कैसे हुई पूरी घटना

यह घटना बुधवार को मालदा के कालियाचक इलाके में हुई थी, जहां उपद्रवियों ने 7 न्यायिक अधिकारियों को करीब 8 घंटे तक बंधक बना लिया था। हालात इतने बिगड़ गए कि सुप्रीम कोर्ट को दखल देना पड़ा। इसके बाद कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने सीधे डीजीपी से बात की, तब जाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को छुड़ाया।

 

सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी

सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया ने इस घटना को गंभीर साजिश बताया और पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। कोर्ट ने कहा कि चुनाव आयोग चाहे तो मामले की जांच CBI या NIA से कराई जा सकती है। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने NIA जांच के आदेश दे दिए।

 

ममता बनर्जी का बयान

इस पूरे मामले पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भी बयान सामने आया है। उन्होंने इसे राज्य को बदनाम करने की साजिश बताया है और कहा कि सच्चाई सामने आएगी।

Related Articles

Back to top button