भीलवाड़ा में अफवाह फैलाने पर 10 युवक गिरफ्तार, पेट्रोल-डीजल किल्लत की फेक खबर बनाई वजह
सोशल मीडिया पर फेक पोस्ट डालकर फैलाई गई अफवाह 10 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार वीडियो डिलीट करवाकर मंगवाई गई माफी

Rajashthan: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की किल्लत को लेकर अफवाह फैलाना 10 युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक, ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच सोशल मीडिया पर जानबूझकर भ्रम फैलाया जा रहा था, जिस पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए थी।
फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए फैलाई अफवाह
जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने के लिए भ्रामक पोस्ट और वीडियो शेयर कर रहे थे। इन पोस्ट्स के जरिए लोगों के बीच पेट्रोल, डीजल और गैस की किल्लत को लेकर डर और भ्रम का माहौल बनाया जा रहा था।
सभी आरोपियों की पहचान
पुलिस ने जिन युवकों को गिरफ्तार किया है, उनमें करण जाट, धीरज जाट, अर्पित शर्मा, अर्जुन चौधरी, महेंद्र बैरवा, कैलाश बैरवा, मुकेश प्रजापत, राधेश्याम जाट, ओमप्रकाश और दीपक सिंह शामिल हैं। फिलहाल सभी को जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
वीडियो डिलीट करवाए, माफी भी मंगवाई
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से अफवाह फैलाने वाले सभी वीडियो डिलीट करवाए। साथ ही उनसे माफी मंगवाकर नए वीडियो जारी करवाए गए, ताकि लोगों में फैली गलत जानकारी को दूर किया जा सके।



