बाराबंकी में चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा में चूक, रिवॉल्वर लेकर मंच तक पहुंचा युवक

मंच पर रिवॉल्वर लेकर पहुंचा युवक सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत पकड़कर नीचे उतारा कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बाराबंकी में भीम आर्मी प्रमुख और नगीना से सांसद Chandrashekhar Azad की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक युवक रिवॉल्वर लेकर सीधे मंच तक पहुंच गया। हालांकि मौके पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़कर मंच से नीचे उतार दिया। इसके बाद मंच के पास कुछ देर तक हंगामा भी हुआ।

 

युवक ने खुद को बताया हेड कॉन्स्टेबल

युवक ने अपना नाम अमित कुमार बताया और दावा किया कि वह पुलिस लाइन में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। लेकिन सादे कपड़ों में रिवॉल्वर लगाकर मंच तक पहुंच जाने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

 

बडेल मैदान में था कार्यक्रम

यह घटना रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। बाराबंकी के बडेल मैदान में बाबा साहब कांशीराम की जयंती और पार्टी के छठे स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें शामिल होने के लिए चंद्रशेखर आजाद पहुंचे थे। कार्यक्रम को देखते हुए पहले से पुलिस और प्रशासन को अलर्ट भी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद युवक मंच तक पहुंच गया।

 

गाड़ी पर पथराव का भी आरोप

इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने आरोप लगाया कि जब वह कार्यक्रम स्थल पर आ रहे थे, तब कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर और ईंट के टुकड़े भी फेंके। मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे संघर्ष करने वाले लोग हैं और किसी भी तरह की धमकी से डरने वाले नहीं हैं।

Related Articles

Back to top button