बांग्लादेश में गायक जेम्स के कंसर्ट पर हमला, 20 लोग घायल

भीड़ ने जेम्स के कंसर्ट में किया हमला 20 लोग घायल, कार्यक्रम रद्द करना पड़ा कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थानों की सुरक्षा पर सवाल

Bangladesh: बांग्लादेश के फरीदपुर जिले में लोकप्रिय गायक और गीतकार जेम्स के कंसर्ट के दौरान हिंसा की गंभीर घटना सामने आई है। शुक्रवार रात करीब 9 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में अचानक एक भीड़ घुस आई और मौजूद लोगों पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस हमले में कम से कम 20 लोग घायल हो गए, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के आक्रामक रुख के चलते आयोजन रोकना पड़ा।

 

कौन हैं जेम्स

जेम्स बांग्लादेश के जाने-माने गायक, गीतकार और गिटारिस्ट हैं। उन्होंने कई हिंदी फिल्मों के लिए भी गाने गाए हैं और बांग्लादेश में उनकी लोकप्रियता काफी ज्यादा है।

 

तस्लीमा नसरीन ने जताई चिंता

बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना का वीडियो साझा किया और देश में कलाकारों पर बढ़ते हमलों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने लिखा कि छायानाट जैसे सांस्कृतिक केंद्रों को जलाया जा चुका है और उदिची जैसे प्रगतिशील सांस्कृतिक संगठनों को भी निशाना बनाया गया है, जो संगीत, नाटक, नृत्य और लोक संस्कृति के जरिए धर्मनिरपेक्ष सोच को बढ़ावा देते थे।

 

जिहादी हिंसा के डर से कलाकार बांग्लादेश आने से कतरा रहे

तस्लीमा नसरीन के अनुसार, हाल के दिनों में कई नामचीन कलाकारों ने सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश आने से इनकार कर दिया है। उन्होंने बताया कि उस्ताद अलाउद्दीन खान के पोते सिराज अली खान हाल ही में ढाका आए थे, लेकिन कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थानों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए भारत लौट गए। इसी तरह उस्ताद राशिद खान के बेटे अरमान खान ने भी ढाका आने का निमंत्रण ठुकरा दिया।

 

शेख हसीना के बाद बढ़ी हिंसा

रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश में भीड़ हिंसा की घटनाओं में इजाफा हुआ है। मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर कट्टरपंथी तत्वों को नियंत्रित करने में नाकाम रहने के आरोप लग रहे हैं। हालांकि सरकार स्थिति पर नियंत्रण का दावा करती रही है, लेकिन कलाकारों, पत्रकारों और अल्पसंख्यकों पर हमले लगातार जारी हैं।

 

चुनावी माहौल में तनाव

बांग्लादेश में 12 फरवरी को संसदीय चुनाव होने हैं। हाल ही में चुनाव प्रचार के दौरान कट्टरपंथी युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से हिंसक घटनाओं में और तेजी देखी गई है।

 

यूनुस सरकार पर शेख हसीना का हमला

शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग ने अंतरिम सरकार पर सवाल उठाए हैं। न्यूज़ एजेंसी एएनआई को ईमेल इंटरव्यू में शेख हसीना ने कहा कि उनके सत्ता से हटने के बाद देश में अराजकता कई गुना बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि हिंसा अब सामान्य स्थिति बन चुकी है, जिससे बांग्लादेश की आंतरिक स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय छवि दोनों को नुकसान पहुंच रहा है।

Related Articles

Back to top button