टेक्सास की तेल रिफाइनरी में भीषण विस्फोट, आसमान में उठीं आग की लपटें

पोर्ट आर्थर में धमाके के बाद फैला धुएं का गुबार प्रशासन ने लोगों को घरों में रहने की दी सलाह राहत की खबर हादसे में कोई हताहत नहीं

अमेरिका के टेक्सास राज्य के तटीय शहर पोर्ट आर्थर में सोमवार को एक बड़े तेल रिफाइनरी में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे आसमान में आग की ऊंची लपटें और घना धुआं फैल गया। विस्फोट इतना भीषण था कि लपटें सैकड़ों फीट तक उठती नजर आईं। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को घरों के अंदर रहने के निर्देश दिए गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

 

आग के बाद हुआ बड़ा धमाका

यह घटना पोर्ट आर्थर स्थित वैलेरो रिफाइनरी में हुई। शहर की मेयर शार्लोट एम. मोसेस ने बताया कि पश्चिमी इलाके के लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि धमाका काफी भयानक था, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है और सभी लोग सुरक्षित हैं।

 

रिफाइनरी की क्षमता और कामकाज

वैलेरो की वेबसाइट के मुताबिक, इस रिफाइनरी में करीब 770 कर्मचारी काम करते हैं और इसकी क्षमता रोजाना लगभग 4.35 लाख बैरल तेल प्रोसेस करने की है। यहां भारी कच्चे तेल को गैसोलीन, डीजल और जेट ईंधन में बदला जाता है। हादसे के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में आग और धुएं का विशाल गुबार साफ देखा जा सकता है।

 

लोगों में दहशत, प्रशासन अलर्ट

स्थानीय लोगों के मुताबिक, विस्फोट इतना तेज था कि खिड़कियां तक हिल गईं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ‘ऑल क्लियर’ का ऐलान होने तक घरों के अंदर ही रहें। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब ईरान से जुड़े तनाव के चलते पहले ही वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है और ईंधन की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button