दिल्ली बजट 2026: ग्रीन फोकस के साथ आज पेश होगा 1.10 लाख करोड़ का बजट
ग्रीन बजट के जरिए प्रदूषण पर कड़ा वार करने की तैयारी 1.10 लाख करोड़ के बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरण पर फोकस विधानसभा सत्र में AAP का विरोध, सियासी पारा चढ़ा

Delhi Budget: दिल्ली की मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रेखा गुप्ता आज राजधानी का बजट पेश करने जा रही हैं। सुबह 10 बजे उनके आवास पर कैबिनेट बैठक होगी, जिसमें बजट को मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद 10:40 बजे विधानसभा में फोटो ऑपर्चुनिटी होगी और ठीक 11 बजे से बजट भाषण शुरू होगा। इस बार का बजट ‘ग्रीन बजट’ के रूप में पेश किया जाएगा, जिसमें खास तौर पर दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या वायु प्रदूषण को कम करने पर फोकस रहेगा। बताया जा रहा है कि इस बार बजट का आकार करीब 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये हो सकता है। खास बात यह है कि रेखा गुप्ता लगातार दूसरी बार दिल्ली का बजट पेश करेंगी।
खीर सेरेमनी से हुई बजट सत्र की शुरुआत
इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री ने पारंपरिक ‘खीर सेरेमनी’ के साथ बजट सत्र की शुरुआत की। उन्होंने भगवान श्रीराम, माता सीता और मां लक्ष्मी को खीर का भोग लगाया। इस मौके पर डॉक्टरों, किन्नर समुदाय, किसानों, स्कूली छात्राओं, मंत्रियों और विधायकों को भी खीर परोसी गई। सीएम ने कहा कि यह परंपरा समावेशी विकास का प्रतीक है, जहां हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने की सोच दिखाई देती है।
आज भी AAP का प्रदर्शन जारी
बजट सत्र के दूसरे दिन भी आम आदमी पार्टी विरोध प्रदर्शन करेगी। दरअसल, पिछले सत्र में AAP के चार विधायकों को सस्पेंड किया गया था, जो अब भी निलंबित हैं। इसी के विरोध में पार्टी के विधायक कल सदन में शामिल नहीं हुए थे। आज भी उनकी बहाली की मांग को लेकर पार्टी प्रदर्शन करेगी, जिसमें सभी विधायक और दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज अपने समर्थकों के साथ शामिल होंगे।
आतिशी का सरकार पर हमला
इस मुद्दे पर विपक्ष की नेता और AAP विधायक आतिशी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा में विपक्ष की अहम भूमिका होती है, लेकिन पिछले एक साल में सरकार ने विपक्ष की आवाज दबाने का काम किया है। उनका आरोप है कि जैसे ही विपक्ष जनहित के मुद्दे उठाता है, विधायकों को सदन से बाहर कर दिया जाता है। आतिशी ने यह भी सवाल उठाया कि अगर विपक्ष को बोलने ही नहीं दिया जाएगा, तो फिर विधानसभा सत्र बुलाने का क्या मतलब है।



