कर्नाटक में इंसानियत शर्मसार, छह महीने की बच्ची 50 हजार में बेची गई

चामराज नगर जिले में छह महीने की मासूम बच्ची को 50 हजार रुपये में बेचा गया मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने बच्ची को रेस्क्यू कर लिया माता-पिता समेत पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Karnataka news: कर्नाटक के चामराज नगर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां छह महीने की एक मासूम बच्ची को महज 50 हजार रुपये में बेच दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को रेस्क्यू कर लिया और माता-पिता समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और उसे महिला एवं बाल विकास विभाग की निगरानी में रखा गया है।

 

क्या है पूरा मामला

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चामराज नगर जिले के रामसमुद्रम इलाके में रहने वाले एक दंपति ने अपनी छह महीने की बच्ची को हासन जिले के अरकलगुड तालुक के कोननूर में रहने वाले एक कपल को बेच दिया था। इस सौदे में मैसूर के चेलुवम्बा अस्पताल की डी-ग्रुप कर्मचारी शांता की अहम भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार, शांता ने ही बच्ची को बेचने की पूरी डील करवाई थी।

 

पुलिस ने क्या बताया

इस मामले पर जिला पुलिस अधीक्षक एम. मुथुराज ने बताया कि 26 जुलाई को जिला अस्पताल में बच्ची का जन्म हुआ था। कुछ समय बाद बच्ची के अचानक गायब होने की शिकायत मिली। शिकायत के आधार पर जब पुलिस ने जांच शुरू की तो बच्ची को बेचने का पूरा मामला सामने आया।

 

बच्ची को किया गया रेस्क्यू

पुलिस ने हासन जिले में रहने वाले कपल से बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। इस मामले में अब तक बच्ची के माता-पिता समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल बच्ची को महिला एवं बाल विकास विभाग की कस्टडी में सौंप दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button