ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई पर 10 मिलियन डॉलर का इनाम, ट्रंप बोले- जिंदा हैं लेकिन घायल
अमेरिका ने ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई पर 10 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित किया। ट्रंप का दावा- अमेरिका और इजरायल के हमले में मुजतबा जिंदा लेकिन घायल। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच अमेरिका ने 2500 मरीन सैनिक और युद्धपोत भी भेजे।

Iran crisis: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच एक बड़ा ऐलान सामने आया है। अमेरिका ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारियों के बारे में जानकारी देने वाले को 10 मिलियन डॉलर (करीब 92 करोड़ रुपये) का इनाम देने की घोषणा की है। यह घोषणा अमेरिकी विदेश विभाग के ‘रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस’ कार्यक्रम के तहत की गई है, जिसे राजनयिक सुरक्षा सेवा संचालित करती है।
टारगेट पर मुजतबा खामेनेई
अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार यह इनाम उन लोगों को दिया जाएगा जो मुजतबा खामेनेई या आईआरजीसी के शीर्ष अधिकारियों के बारे में ठोस जानकारी देंगे। अमेरिका का आरोप है कि ये अधिकारी आईआरजीसी की विभिन्न यूनिट्स का संचालन करते हैं, जो वैश्विक स्तर पर कई सैन्य और रणनीतिक गतिविधियों की योजना बनाते हैं और उन्हें अंजाम देते हैं।जिन लोगों पर इनाम घोषित किया गया है उनमें ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई, सुप्रीम लीडर के कार्यालय के उप चीफ ऑफ स्टाफ अली असगर हेजाजी और ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी शामिल हैं। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और इजरायल ईरान के खिलाफ अपने हवाई हमलों को और तेज कर रहे हैं।
हमले में घायल होने का दावा
इस बीच मुजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। दावा किया जा रहा है कि अमेरिका और इजरायल के हमलों में वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा है कि मुजतबा जिंदा तो हैं, लेकिन घायल हैं। गौरतलब है कि युद्ध के पहले ही दिन ईरान के दूसरे सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद उनके बेटे मुजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर बनाया गया। हालांकि पद संभालने के बाद से वे सार्वजनिक रूप से कहीं दिखाई नहीं दिए हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
हमले में परिवार के कई लोगों की मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले में अली खामेनेई के साथ मुजतबा की पत्नी, उनकी मां और परिवार के कई अन्य सदस्यों की भी मौत हो गई थी। कुछ रिपोर्ट्स में उनके पोते और बेटी की मौत का भी जिक्र किया गया है।
पश्चिम एशिया में बढ़ा रहा है अमेरिका सैन्य ताकत
इसी बीच अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपनी सैन्य मौजूदगी भी बढ़ानी शुरू कर दी है। खबर है कि करीब 2,500 मरीन सैनिकों और युद्धपोत यूएसएस त्रिपोली को इस क्षेत्र की ओर रवाना किया गया है। एक अमेरिकी अधिकारी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि 31वीं मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट को भी तैनाती के आदेश दिए गए हैं। हालांकि इन सबके बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि ईरान जल्द ही सरेंडर करने वाला है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए यह संघर्ष अभी और लंबा चल सकता है।



