मुरादाबाद में गैस एजेंसी पर रात में छापा, रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने पर गोदाम सील

मुरादाबाद में गैस एजेंसी पर प्रशासन का देर रात छापा। रिकॉर्ड और सिलेंडर स्टॉक में मिली बड़ी गड़बड़ी। जांच पूरी होने तक गोदाम सील, कार्रवाई की चेतावनी।

यूपी के मुरादाबाद में घरेलू एलपीजी गैस की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलापूर्ति अधिकारी (DSO) ने शुक्रवार देर रात टीम के साथ ठाकुरद्वारा स्थित भारत पेट्रोलियम की भावना गैस सर्विस एजेंसी के ऑफिस और गोदाम पर छापेमारी की। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने के बाद गोदाम को सील कर दिया गया।

 

बुकिंग और डिलीवरी का पूरा रिकॉर्ड नहीं मिला

टीम ने पहले एजेंसी के ऑफिस में रिकॉर्ड की जांच की और उसके बाद गोदाम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एजेंसी मालिक गैस बुकिंग और सिलेंडर डिलीवरी से जुड़ी पूरी पर्चियां नहीं दिखा पाए। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले तीन दिनों की बुकिंग का पूरा रिकॉर्ड मौजूद नहीं था, जिससे गड़बड़ी की आशंका बढ़ गई।

 

स्टॉक में भी मिली कमी

जांच में यह भी सामने आया कि गोदाम में रखे सिलेंडरों का स्टॉक रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रहा था। खास तौर पर 5 किलोग्राम वाले छोटे गैस सिलेंडर बड़ी संख्या में कम पाए गए। जब टीम ने इसका जवाब मांगा तो एजेंसी मालिक संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके।

 

जांच पूरी होने तक गोदाम सील

जिलापूर्ति अधिकारी अजय प्रताप ने बताया कि गोदाम में पर्याप्त रोशनी नहीं होने की वजह से सिलेंडरों की सही गिनती नहीं हो सकी। इसलिए फिलहाल गोदाम को सील कर दिया गया है। शनिवार को टीम दोबारा मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच करेगी। अगर एजेंसी मालिक रिकॉर्ड और स्टॉक में कमी का सही हिसाब नहीं दे पाए, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button