होर्मुज से सुरक्षित निकले 2 भारतीय LPG टैंकर, 92 हजार टन गैस लेकर लौट रहे भारत
भारत के लिए राहत, होर्मुज से सुरक्षित निकले LPG टैंकर 92 हजार टन गैस लेकर लौट रहे जहाज, सप्लाई को मिलेगा सहारा मिडिल ईस्ट तनाव के बीच 60 भारतीय नाविक भी सुरक्षित

Iran crisis: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत की खबर सामने आई है। Ministry of Ports, Shipping and Waterways के मुताबिक, भारतीय ध्वज वाले दो एलपीजी टैंकर ‘जग वसंत’ और ‘पाइन गैस’ सुरक्षित रूप से Strait of Hormuz पार कर चुके हैं और अब भारत की ओर बढ़ रहे हैं।
92 हजार टन LPG लेकर आ रहे जहाज
मंत्रालय के अनुसार, दोनों जहाजों में कुल 92,612.59 मीट्रिक टन एलपीजी लोड है। यह खेप देश में घरेलू गैस सप्लाई को बनाए रखने के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। उम्मीद है कि ये जहाज 26 से 28 मार्च के बीच भारत के बंदरगाहों पर पहुंच जाएंगे।
60 भारतीय नाविक सुरक्षित
‘जग वसंत’ पर 33 और ‘पाइन गैस’ पर 27 भारतीय नाविक सवार हैं। कुल 60 नाविकों के साथ ये दोनों जहाज दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री रास्तों में से एक को सुरक्षित पार कर चुके हैं। फिलहाल शिपिंग मंत्रालय और भारतीय नौसेना इनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
क्यों अहम है होर्मुज स्ट्रेट?
Strait of Hormuz दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और गैस ट्रांजिट रूट्स में से एक है। वैश्विक ऊर्जा सप्लाई का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में Iran, United States और Israel के बीच जारी तनाव के चलते यहां से गुजरने वाले जहाजों पर खतरा बढ़ गया है। हालांकि हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं, लेकिन इन दोनों भारतीय जहाजों का सुरक्षित निकलना भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए एक बड़ी राहत माना जा रहा है।



