हिमाचल कांग्रेस में बड़ा उलटफेर, विनय कुमार बने नए कप्तान
हिमाचल कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन ने नई राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। विनय कुमार की नियुक्ति को हाईकमान की बड़े बदलाव की रणनीति माना जा रहा है। नई जिम्मेदारी के साथ अब 2027 चुनावों तक संगठन को मजबूती देना उनकी सबसे बड़ी चुनौती होगी।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में बड़ा बदलाव हुआ है। पार्टी हाईकमान ने पूर्व डिप्टी स्पीकर और श्री रेणुका जी से विधायक विनय कुमार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। वह प्रतिभा सिंह की जगह लेंगे। शनिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आधिकारिक प्रेस रिलीज़ जारी कर यह नियुक्ति की घोषणा की। आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। साथ ही, outgoing प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के योगदान की भी सराहना की गई है।
डिप्टी स्पीकर पद से इस्तीफा, फिर बड़ी जिम्मेदारी
विनय कुमार ने आज ही विधानसभा उपाध्यक्ष (डिप्टी स्पीकर) पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद से ही उनके संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। शुक्रवार को हाईकमान से उनकी मुलाकात ने इन अटकलों को और पुख्ता कर दिया था, जिसे अब AICC की घोषणा ने आधिकारिक रूप से साबित कर दिया है।
आगे की चुनौती: संगठन, चुनाव और समन्वय
नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने कई बड़ी जिम्मेदारियां हैं, संगठन को मजबूत करना, 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी, पार्टी के अंदर समन्वय बढ़ाना, उनकी ताज़ा नियुक्ति को कांग्रेस की राज्य इकाई में नई शुरुआत और बड़े बदलाव की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।



