हापुड़ में ‘डमी शव’ का अंतिम संस्कार! इंश्योरेंस फ्रॉड का हैरान कर देने वाला खेल बेनकाब

पुतले का अंतिम संस्कार कर 50 लाख के इंश्योरेंस की साजिश ब्रजघाट श्मशान घाट पर चार संदिग्धों की हरकत से मचा हड़कंप दो हिरासत में, कार से दो और डमी पुतले बरामद

हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चार संदिग्ध एक पुतले का अंतिम संस्कार करने पहुंचे। ब्रजघाट श्मशान घाट पर स्थानीय लोगों ने जब अर्थी पर चादर हटाई तो सभी हैरान रह गए—अंदर किसी इंसान का शव नहीं, बल्कि एक डमी पुतला रखा हुआ था। मौके पर लोगों ने संदिग्धों को घेर लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। चार में से दो आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि दो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

 

श्मशान घाट पर संदिग्धों की संदिग्ध गतिविधि

जानकारी के अनुसार, चार लोग हरियाणा नंबर की i20 कार से गुरुवार दोपहर ब्रजघाट पहुंचे थे। उन्होंने श्मशान की पर्ची कटवाई, लकड़ी, घी और अन्य सामग्री खरीदी और पूरे विधि-विधान के साथ पुतले का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर ली। जैसे ही लोगों को शक हुआ और उन्होंने सवाल पूछने शुरू किए, आरोपी कोई जवाब नहीं दे सके। इसी दौरान दो संदिग्ध मौके से फरार हो गए।

 

नगर पालिका कर्मचारी की सतर्कता से खुला राज़

नगर पालिका कर्मचारी नितिन ने बताया कि जब उन्हें भी मामले की जानकारी मिली, तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों से पूछताछ की। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई। तलाशी में कार से दो और डमी पुतले बरामद हुए। पहले आरोपी लोगों को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे कि अस्पताल ने उन्हें गलती से नकली बॉडी दे दी है।

 

इंश्योरेंस फ्रॉड का बड़ा प्लान उजागर

पुलिस की प्रारंभिक जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी साज़िश कपड़ा व्यापारी कमल सोमानी ने रची थी। उसने अपने नौकर अंशुल के नाम पर करीब 50 लाख रुपये का इंश्योरेंस कराया था। योजना यह थी कि पुतले का अंतिम संस्कार कर नौकर को मृत दिखाया जाए और इसके आधार पर फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करवाकर बीमा की पूरी रकम हड़पी जाए।

 

पूछताछ जारी, और खुलासों की उम्मीद

पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे और भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button