Cyclone Ditwah: तमिलनाडु–एपी–पुडुचेरी तट की ओर बढ़ रहा नया चक्रवात, IMD ने जारी किया अलर्ट

Cyclone Ditwah बंगाल की खाड़ी से तेजी से मजबूत होकर तमिलनाडु–एपी तट की ओर बढ़ रहा है। IMD ने कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत में इसी दौरान कोहरे और शीतलहर की स्थिति बनने की भी चेतावनी दी गई है।

चक्रवात सेन्यार के बाद अब बंगाल की खाड़ी में एक और सिस्टम तेजी से मजबूत हो रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को बताया कि यह नया सिस्टम ‘चक्रवात दित्वाह’ में बदल चुका है और 30 नवंबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों तक पहुंच सकता है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना यह कम दबाव तेज गति से मजबूत होकर चक्रवात में तब्दील हो गया है, जिसकी वजह से कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी है।

 

IMD ने जारी किया येलो और ऑरेंज अलर्ट

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका तट के पास एक गहरा अवदाब सक्रिय है, जिसके कारण 27–30 नवंबर के दौरान तमिलनाडु के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 28–29 नवंबर को कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और यनम में भी 28 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच भारी वर्षा का अनुमान है। चेन्नई, नागपट्टिनम, तिरुवल्लूर, तंजावुर जैसे जिलों के लिए IMD ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

अगले दिनों का मौसम कैसा रहेगा?

IMD के अनुसार आने वाले 5 दिनों में पूर्वोत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद घने कोहरे और शीत लहर की चेतावनी दी गई है। 28–30 नवंबर: हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में सुबह घना कोहरा 30 नवंबर–1 दिसंबर: पूर्वी राजस्थान में ठंड तेज़ होगी। 28–29 नवंबर को पंजाब के कुछ इलाकों में कोहरा। 3–4 दिसंबर को राजस्थान में शीत लहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है।

 

Cyclone Ditwah की मौजूदा स्थिति

IMD के मुताबिक चक्रवात दित्वाह इस समय दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर है और चेन्नई से लगभग 700 किमी दक्षिण-पूर्व में स्थित है। यह उत्तर–उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। 30 नवंबर की सुबह तक यह तमिलनाडु–पुडुचेरी–दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट को छू सकता है। चक्रवात का नाम ‘दित्वाह’ यमन द्वारा दिया गया है, जो उत्तरी हिंद महासागर के चक्रवाती नामों की सूची में शामिल है।

 

Cyclone Senyar भारत से दूर

इससे पहले बना चक्रवाती तूफान सेन्यार अब भारतीय क्षेत्र से निकलकर मलेशिया की ओर बढ़ रहा है। यह मलक्का जलडमरूमध्य के पास बना एक दुर्लभ चक्रवात माना जा रहा है। सेन्यार की रफ्तार लगभग 9 किमी प्रति घंटा है और इसकी अधिकतम हवाएं 83 किमी प्रति घंटा तक चल रही हैं।

Related Articles

Back to top button