सऊदी में कहर: भीषण बस हादसे में 42 भारतीयों की मौत

मक्का, मदीना हाईवे पर बस और डीज़ल टैंकर की भीषण टक्कर 42 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत, कई गंभीर रूप से घायल सऊदी रेस्क्यू टीमें मौके पर जुटीं, भारत ने शुरू की सहायता

सऊदी अरब में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 42 भारतीय यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर हैदराबाद के श्रद्धालु शामिल थे। जानकारी के मुताबिक, मक्का से मदीना जा रही एक यात्री बस की डीजल टैंकर से तेज टक्कर हो गई, जिससे बस में आग लग गई और हालात बेहद गंभीर हो गए। हादसा मुफरिहत इलाके में हुआ, जहां इमरजेंसी टीमें तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गईं।

 

सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया दुख

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हादसे में हैदराबाद के कई लोगों के शामिल होने की प्रारंभिक जानकारी मिली है। CM ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को तुरंत पूरी जानकारी जुटाने और केंद्र से संपर्क में रहने के निर्देश दिए हैं।

 

विदेश मंत्री एस. जयशंकर का बयान

हादसे पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास हादसे में प्रभावित भारतीयों और उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। जयशंकर ने कहा, “सऊदी अरब के मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुई दुर्घटना से गहरा दुख पहुंचा है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी संवेदना है और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”

 

 

टक्कर के बाद बस में लगी आग

हादसे के समय बस में सवार सभी भारतीय यात्री उमरा की यात्रा पूरा कर रहे थे। ज्यादातर लोग नींद में थे, तभी एक डीजल टैंकर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आग लग गई। सऊदी रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान तुरंत शुरू किया। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

 

भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

मदीना के पास हुए इस हादसे के बाद जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है ताकि पीड़ितों के परिजनों को जानकारी मिल सके। मक्का, मदीना हाईवे उमरा और हज यात्रियों की सबसे व्यस्त रूटों में से एक है, जिसे हर साल हजारों भारतीय पार करते हैं।

 

 

इस रूट पर पहले भी हुए हादसे

यह पहली बार नहीं है जब इस हाईवे पर बड़ा हादसा हुआ हो। 2023 में भी ऐसे ही एक हादसे में 20 लोगों की मौत हुई थी। वाहनों की भारी आवाजाही और लंबा रूट कई बार दुर्घटनाओं की वजह बन जाता है।

Related Articles

Back to top button