संभल में दिल दहला देने वाली घटना: आवारा कुत्तों के झुंड ने 9 साल की बच्ची को नोंच-नोंचकर मार डाला
चारा लेने जा रही मासूम पर टूटा आवारा कुत्तों का झुंड 10–12 कुत्तों के हमले में बच्ची की दर्दनाक मौत गांव में मातम, प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल

Dog bite: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां आवारा कुत्तों के एक झुंड ने 9 साल की मासूम बच्ची पर हमला कर उसकी जान ले ली। यह घटना उस समय हुई जब बच्ची अपनी मां और दादी के साथ पशुओं के लिए चारा लेने जा रही थी।
गांव पोटा का है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, यह मामला संभल जनपद के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के गांव पोटा का है। गांव निवासी विनोद उर्फ बंटी की बेटी रिया गौतम (9) गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा थी।
चारा लेने जाते समय हुआ हमला
रविवार शाम करीब 5 बजे रिया अपनी मां ममता और दादी मुन्नी के साथ बकरी और भैंसों के लिए चारा लेने निकली थी। मां और दादी कुछ आगे चल रही थीं, जबकि रिया उनके पीछे-पीछे आ रही थी।
10 से 12 आवारा कुत्तों ने घेरा
इसी दौरान अचानक 10 से 12 आवारा कुत्तों के झुंड ने रिया पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्ची को चारों ओर से घेर लिया और उसे बुरी तरह नोचने लगे।
मां-दादी की कोशिशें नाकाम रहीं
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर मां और दादी मौके पर पहुंचीं और कुत्तों को भगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी थी। कुत्तों ने बच्ची का एक हाथ काटकर अलग कर दिया और उसे घसीटते हुए ले गए।
ग्रामीणों ने पहुंचकर बचाया
शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाया। हालांकि तब तक रिया गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी।
अस्पताल में तोड़ा दम
ग्रामीणों की मदद से बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
कटा हुआ हाथ नहीं मिला
घटना के बाद काफी देर तक बच्ची के कटे हुए हाथ की तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिल सका, जिससे परिजनों का दर्द और बढ़ गया।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



