मोदी-UAE वार्ता: ईद की बधाई के साथ मिडिल ईस्ट संकट पर चर्चा, भारत ने अफवाहों को बताया निराधार
मोदी ने UAE राष्ट्रपति से की बात, ईद की दी शुभकामनाएं मिडिल ईस्ट तनाव और होर्मुज स्ट्रेट सुरक्षा पर हुई चर्चा भारत ने ईरान से जुड़ी अफवाहों को बताया पूरी तरह निराधार

प्रधानमंत्री Narendra Modi ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति Mohammed bin Zayed Al Nahyan से फोन पर बात कर उन्हें ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और हालात पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत, UAE पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें निर्दोष लोगों की जान गई और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। उन्होंने साफ किया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बहाल करना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही दोनों देशों ने Strait of Hormuz से सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने पर भी सहमति जताई। पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि भारत इस दिशा में UAE के साथ मिलकर काम करता रहेगा।
भारत ने अफवाहों को बताया फर्जी
वहीं, भारत सरकार ने उन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से भारतीय जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने के बदले कुछ शर्तें रखी हैं। सरकार के मुताबिक, ऐसी कोई बातचीत कभी हुई ही नहीं है। सरकार ने यह भी बताया कि भारत, Iran के संपर्क में है ताकि होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे भारतीय जहाज सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। हाल ही में भारतीय ध्वज वाले दो एलपीजी जहाज ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ करीब 92,712 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर सुरक्षित इस मार्ग को पार कर चुके हैं।



