मेलानिया ट्रंप की डॉक्यूमेंट्री फ्लॉप, फिर भी ट्रंप जुटे प्रमोशन में

मेलानिया ट्रंप पर बनी डॉक्यूमेंट्री बॉक्स ऑफिस पर रही फीकी फ्लॉप के बावजूद राष्ट्रपति ट्रंप खुद कर रहे हैं फिल्म का प्रमोशन ब्रिटेन में सिर्फ एक टिकट, अमेरिका में भी कमजोर दर्शक प्रतिक्रिया

Washington DC: अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप पर बनी डॉक्यूमेंट्री के बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप होने के बावजूद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसके प्रमोशन में लगातार जुटे हुए हैं।शनिवार को ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने फिल्म “MELANIA” को दूसरी बार देखा है और यह उन्हें बेहद पसंद आई। उन्होंने दर्शकों से इसे देखने की अपील करते हुए इसे “A MUST SEE” बताया। हालांकि, ट्रंप के दावे जमीनी हकीकत से मेल खाते नजर नहीं आ रहे हैं। ब्रिटेन में इस डॉक्यूमेंट्री को देखने के लिए महज एक टिकट बिकने की खबर सामने आई है। वहीं अमेरिका में भी फिल्म को दर्शकों से खास प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। कमजोर रिस्पॉन्स के चलते ट्रंप खुद फिल्म के प्रचार में सक्रिय हो गए हैं।

 

क्या है ‘मेलानिया’ डॉक्यूमेंट्री

यह डॉक्यूमेंट्री अमेरिका की प्रथम महिला और डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप के जीवन पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन ब्रेट रैटनर ने किया है, जबकि इसे अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज ने रिलीज़ किया है। डॉक्यूमेंट्री 2025 में राष्ट्रपति ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले के 20 दिनों की घटनाओं पर केंद्रित है। फिल्म में मेलानिया की उद्घाटन तैयारियां, व्हाइट हाउस ट्रांजिशन और परिवार को वाशिंगटन वापस लाने की प्रक्रिया को दिखाया गया है। इसमें पहले कभी न देखे गए फुटेज, निजी बैठकों और बातचीत को शामिल किया गया है, जो मेलानिया के नजरिए से प्रथम महिला की भूमिका को दर्शाते हैं।

 

ट्रंप ने क्यों की फिल्म की खुलकर तारीफ

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि दर्शकों ने फिल्म को काफी पसंद किया है और थिएटर में तालियां भी बजीं। उन्होंने इसे सुंदर, प्रेरणादायक और अच्छी तरह से बनाई गई फिल्म बताया। ट्रंप समर्थकों का कहना है कि डॉक्यूमेंट्री में मेलानिया की स्टाइल, ग्रेस और परिवार व बिजनेस के बीच संतुलन को प्रभावी ढंग से पेश किया गया है।

 

आलोचना और फ्लॉप होने की वजह

जहां एक ओर ट्रंप फिल्म की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर क्रिटिक्स इसे एक महंगा प्रचार अभियान बता रहे हैं। करीब 75 मिलियन डॉलर के बजट में बनी इस डॉक्यूमेंट्री को कई समीक्षकों ने “वैनिटी प्रोजेक्ट” करार दिया है। रॉटेन टोमेटोज पर भी फिल्म को कम क्रिटिक स्कोर मिला है। 30 जनवरी को थिएटर में रिलीज़ हुई यह फिल्म वैश्विक स्तर पर उपलब्ध जरूर है, लेकिन दर्शकों की दिलचस्पी कम रहने के कारण यह बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई है। इसके बावजूद ट्रंप लगातार इसे प्रमोट कर रहे हैं और टिकट तेजी से बिकने का दावा कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button