मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा बढ़ेगी, बुलेटप्रूफ रेंज रोवर समेत चार हाई-सिक्योरिटी गाड़ियाँ खरीदेगी बिहार सरकार
सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला हाई-सिक्योरिटी मूवमेंट में ही होगा लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल बजट पेश होने के बाद आया अहम फैसला

पटना: बिहार सरकार मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने जा रही है। इसके तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में चार नई हाई-सिक्योरिटी गाड़ियाँ खरीदी जाएंगी। सूत्रों के मुताबिक, इन गाड़ियों में बुलेटप्रूफ रेंज रोवर जैसी लग्जरी एसयूवी शामिल हो सकती हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह पहला मौका होगा जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रेंज रोवर जैसी हाई-एंड लग्जरी गाड़ी में सफर करते नजर आएंगे।
अब तक किन गाड़ियों का करते रहे हैं इस्तेमाल?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब तक अपने सरकारी दौरों और कार्यक्रमों में आमतौर पर इलेक्ट्रिक और स्वदेशी गाड़ियों का ही इस्तेमाल करते रहे हैं। नई हाई-सिक्योरिटी गाड़ियों की खरीद का फैसला पूरी तरह सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। फिलहाल इन गाड़ियों के मॉडल, कीमत और तकनीकी फीचर्स को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बुलेटप्रूफ होने के चलते इनकी कीमत काफी ज्यादा होने की संभावना जताई जा रही है।
रोजमर्रा के कार्यक्रमों में EV का ही रहेगा इस्तेमाल
सूत्र बताते हैं कि इन हाई-सिक्योरिटी गाड़ियों के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने रोजमर्रा के सामान्य कार्यक्रमों में पहले की तरह इलेक्ट्रिक और भारतीय गाड़ियों का ही उपयोग कर सकते हैं। रेंज रोवर जैसी गाड़ियों का इस्तेमाल केवल हाई-सिक्योरिटी मूवमेंट, बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों या विशेष परिस्थितियों में किया जाएगा।
सोमवार को पेश हुआ बिहार का बजट
गौरतलब है कि सोमवार को ही बिहार सरकार का बजट पेश किया गया है। वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ रुपये का बजट सदन में रखा, जो पिछले बजट से अधिक है। बजट भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में राज्य के बजट का आकार लगातार बढ़ा है। वित्त मंत्री ने कहा कि ज्ञान, ईमान, विज्ञान, अरमान और सम्मान के रास्ते पर चलकर बिहार तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य की आर्थिक विकास दर लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले वर्ष में इसके 14.9 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है।
कर राजस्व से बड़ी उम्मीद
वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के अनुसार, वर्ष 2026–27 में राज्य सरकार को अपने कर राजस्व से करीब 65,800 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है। बजट पेश करते समय उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी सराहना की।



