कनॉट प्लेस में कारोबारी की पीट-पीटकर हत्या, फूड डिलीवरी कर्मियों से विवाद के बाद गई जान
कनॉट प्लेस में पार्टी के बाद हुआ विवाद, हेलमेट से किया गया जानलेवा हमला 17 दिनों तक अस्पताल में चला इलाज, 19 जनवरी को कारोबारी ने तोड़ा दम पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, अन्य की भूमिका की जांच जारी

New delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सबसे पॉश और व्यस्त इलाकों में गिने जाने वाले कनॉट प्लेस से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 36 वर्षीय कारोबारी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। इस वारदात ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फूड डिलीवरी कर्मियों से हुआ था विवाद
मृतक कारोबारी की पहचान शिवम गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह घटना 3 जनवरी की है। शिवम अपने एक दोस्त के साथ कनॉट प्लेस में पार्टी करने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका फूड डिलीवरी से जुड़े कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने शिवम के सिर पर हेलमेट से कई बार वार कर दिया।
17 दिनों तक चला इलाज, फिर मौत
हमले के बाद गंभीर रूप से घायल शिवम गुप्ता को पहले एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें आरएमएल अस्पताल रेफर किया गया, जहां करीब 17 दिनों तक उनका इलाज चला। आखिरकार 19 जनवरी को इलाज के दौरान शिवम की मौत हो गई।
पुलिस जांच में क्या आया सामने
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिवम अपने दोस्त के साथ कनॉट प्लेस के एक रेस्टोरेंट में पार्टी के बाद बाहर निकला था। राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास उसने एक कंपनी प्रतिनिधि से पानी मांगा, इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कंपनी प्रतिनिधि ने शिवम पर हेलमेट से हमला किया, जबकि उसके दो साथियों ने घूंसे और लातों से उसकी पिटाई की।
दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 110 (गैर इरादतन हत्या) और धारा 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जरूरत पड़ने पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में शामिल बाकी लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



