वृंदावन में भागवत की पढ़ाई कर रहे युवक की संदिग्ध आत्महत्या, मौत से पहले इंस्टाग्राम पर बनाया वीडियो

भागवत की पढ़ाई करने आए युवक की वृंदावन में संदिग्ध मौत आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करने का दावा इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम, पुलिस जांच में जुटी

Up news: धार्मिक नगरी वृंदावन से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां भागवत की शिक्षा लेने आए 25 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया—यह सवाल अभी भी बना हुआ है।

 

आत्महत्या से पहले बनाया वीडियो

मृतक युवक ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसे उसने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। इस वीडियो में उसने दुनिया को अलविदा कहा था। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है।

 

वृंदावन में रहकर कर रहा था भागवत की पढ़ाई

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सागर पुत्र राजन, निवासी दुर्गवन, प्रयागराज के रूप में हुई है। सागर बीते करीब आठ महीनों से वृंदावन के श्याम कुटी क्षेत्र में रहकर भागवत की शिक्षा ग्रहण कर रहा था।

 

कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तब हुआ खुलासा

सोमवार रात करीब 10 बजे सागर ने अपने कमरे को अंदर से बंद कर फांसी लगा ली। काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो साथ रह रहे लोगों को शक हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर युवक को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचते ही परिवार में मचा कोहराम

मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जब परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

इकलौता बेटा था सागर

परिजनों ने बताया कि सागर परिवार का इकलौता बेटा था और घर की सारी उम्मीदें उसी से जुड़ी थीं। मां ने बताया कि सागर बेहद सरल स्वभाव और अच्छे विचारों वाला युवक था। ऐसे में उसका यह कदम पूरे परिवार के लिए समझ से परे है।

 

पुलिस कर रही है जांच

फिलहाल आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button