मिडिल ईस्ट युद्ध का असर: दिल्ली में एलपीजी संकट गहराया, Swiggy-Zomato से फूड डिलीवरी पर मंडराया खतरा

मिडिल ईस्ट युद्ध का असर अब भारत में दिखने लगा है। दिल्ली के कई होटल-रेस्टोरेंट में एलपीजी खत्म होने की कगार पर। संकट जारी रहा तो Swiggy और Zomato से फूड डिलीवरी भी रुक सकती है।

नई दिल्ली: खाड़ी देशों में जारी युद्ध का असर अब भारत में भी साफ दिखाई देने लगा है। तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित होने से राजधानी दिल्ली में एलपीजी का संकट गहराने लगा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि आज रात से कई होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में गैस खत्म हो सकती है। अगर यही स्थिति बनी रही तो कल से दिल्ली में Swiggy और Zomato के जरिए खाने की डिलीवरी भी प्रभावित हो सकती है। यह जानकारी नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष जोरावर कालरा ने दी है।

 

होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री पर संकट

जोरावर कालरा के मुताबिक, पिछले दो दिनों से होटल और रेस्टोरेंट को एलपीजी की सप्लाई नहीं मिल रही है। इसके कारण देशभर में लगभग 80 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री संकट में आ गई है। इसमें वे क्लाउड किचन भी शामिल हैं, जो ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों तक खाना पहुंचाते हैं।

 

कई जगह आज रात तक ही गैस

उन्होंने बताया कि दिल्ली के कई होटल और रेस्टोरेंट में एलपीजी का स्टॉक सिर्फ आज रात तक ही बचा है। वहीं करीब 70 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट के पास केवल दो दिन का ही बैकअप गैस मौजूद है। अगर जल्द सप्लाई नहीं मिली तो खाने की सर्विस पर बड़ा असर पड़ सकता है।

 

एसेंशियल कमोडिटी में शामिल करने की मांग

रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री को भी एसेंशियल कमोडिटी की श्रेणी में शामिल किया जाए, ताकि उन्हें एलपीजी की नियमित सप्लाई मिल सके। उनका कहना है कि देश में 2 से 3 प्रतिशत लोग ऐसे हैं जो रोजाना ऑनलाइन फूड डिलीवरी पर निर्भर रहते हैं और क्लाउड किचन से खाना मंगाते हैं।

 

एलपीजी की कालाबाजारी शुरू

उधर, मांग ज्यादा और सप्लाई कम होने के कारण एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। लोगों का दावा है कि 910 रुपये में मिलने वाला सिलेंडर अब बाजार में करीब 2000 रुपये तक में ब्लैक में बेचा जा रहा है। कई गैस एजेंसियों में 10-10 दिन पहले बुकिंग कराने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।

 

गैस की कीमतों में भी बढ़ोतरी

वैश्विक ऊर्जा कीमतों में उछाल के बीच शनिवार को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि सरकारी सूत्रों ने साफ किया है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाने की कोई योजना नहीं है, क्योंकि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के पास इस बोझ को संभालने की क्षमता है।

Related Articles

Back to top button