मिडिल ईस्ट में जंग तेज, ईरान का पलटवार, अमेरिका-इजरायल के हमले जारी
ईरान का पलटवार तेज, अमेरिका-इजरायल पर लगातार हमले मिसाइल अटैक की 93वीं लहर, मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव अमेरिकी विमान निशाना, एक पायलट अब भी लापता

Iran crisis: ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी युद्ध लगातार और खतरनाक होता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि फिलहाल इस जंग के खत्म होने के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे। बीते 24 घंटों में ईरान ने पलटवार करते हुए अमेरिका को बड़ा नुकसान पहुंचाने का दावा किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई फाइटर जेट, हेलीकॉप्टर और सैन्य विमान निशाना बने हैं, वहीं एक अमेरिकी पायलट अब भी लापता बताया जा रहा है।
ईरान का जोरदार पलटवार
ईरान ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ मिसाइल हमलों की 93वीं लहर शुरू करने का दावा किया है। इस दौरान उसने कई अमेरिकी एयरक्राफ्ट को मार गिराने की बात कही है। हालांकि इन दावों की पूरी तरह से स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
बेरूत पर इजरायल के हमले
इस बीच इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत पर ताबड़तोड़ एयरस्ट्राइक की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शहर में कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
अमेरिकी विमान गिराने का दावा
ईरान ने शुक्रवार को अलग-अलग हमलों में दो अमेरिकी सैन्य विमानों को मार गिराने का दावा किया। इनमें से एक सैन्यकर्मी को बचा लिया गया है, जबकि कम से कम एक अब भी लापता है। खास बात ये है कि इस युद्ध की शुरुआत के बाद पहली बार अमेरिकी विमानों को निशाना बनाया गया है।
ट्रंप का बयान और युद्ध की स्थिति
इससे दो दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिका ने ईरान को पूरी तरह तबाह कर दिया है। हालांकि ताजा घटनाओं ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि इन हमलों का ईरान के साथ संभावित बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा और इसे उन्होंने “युद्ध का हिस्सा” बताया।
A-10 विमान क्रैश पर सस्पेंस
ईरानी मीडिया के मुताबिक, फारस की खाड़ी में एक अमेरिकी A-10 अटैक एयरक्राफ्ट भी क्रैश हुआ है। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने साफ नहीं किया है कि यह दुर्घटना थी या हमला। पायलट की स्थिति और क्रैश की लोकेशन को लेकर भी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
तेजी से बदलते हालात
मिडिल ईस्ट में हालात हर घंटे बदल रहे हैं। एक तरफ हमले तेज हो रहे हैं, तो दूसरी तरफ कूटनीतिक बयानबाजी भी जारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह टकराव और बड़ा रूप ले सकता है।



